श्रीलंका में ऐतिहासिक जीत से गदगद हुए लिटन दास, बोले- बतौर कप्तान मेरे लिए गर्व का पल
कोलंबो : कोलंबो में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। यह जीत बांग्लादेश के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि टीम ने श्रीलंका की धरती पर पहली…

कोलंबो : कोलंबो में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। यह जीत बांग्लादेश के लिए ऐतिहासिक रही, क्योंकि टीम ने श्रीलंका की धरती पर पहली बार कोई टी20 सीरीज अपने नाम की है।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 132 रन बनाए, जिसमें बांग्लादेश के स्पिनर मेहदी हसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने 21 गेंद शेष रहते 2 विकेट पर 133 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन ने नाबाद 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने इस जीत को अपने नेतृत्व के लिए बेहद अहम बताया। मैच के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा,"एक कप्तान के तौर पर यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। मुझे खुशी है कि हमारे क्रिकेट फैंस इस जीत से खुश हैं। श्रीलंका जैसी मजबूत टीम को उसके घर में हराना आसान नहीं होता।"
गौरतलब है कि लिटन दास को आगामी साल भारत में होने वाले टी20 विश्व कप तक बांग्लादेश का स्थायी टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले साल 3-0 से सीरीज जीतकर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था। उन्होंने इस सीरीज में 3 मैचों में कुल 114 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए।
दूसरी ओर, श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका ने हार पर निराशा जताई और कहा कि टॉस में फैसला गलत साबित हुआ।
उन्होंने कहा, "हमने टॉस के समय शायद कोई बड़ी गलती की। जब मैं गेंदबाज़ी करने आया, तो मुझे एहसास हुआ कि विकेट बेहतर हो गया है। हमें अपनी बल्लेबाज़ी की ज़िम्मेदारी लेनी होगी। यह एक मैच में हो सकता है, लेकिन लगातार दो मैचों में ऐसा होना बहुत बड़ी चिंता का विषय है। विश्व कप बस सात महीने दूर है और हम ऐसी चीज़ें नहीं होने दे सकते। बांग्लादेश को श्रेय जाता है। उन्होंने हमसे बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने हमसे बेहतर फ़ील्डिंग की और उनके गेंदबाज़ हमसे ज़्यादा प्रभावी थे। उनके बल्लेबाज़ों के पास भी स्पष्ट योजनाएं थीं।"
श्रीलंका ने इस दौरे पर वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी और टी20 सीरीज का पहला मैच भी अपने नाम किया था, लेकिन अगले दो मुकाबलों में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
