यास्तिका की वापसी और गेंदबाजी में विविधता से मजबूत हुई टीम इंडिया: मजूमदार
भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने बोला कि पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप की जीत ने खिलाड़ियों में इस विश्वास को और मजबूत किया है कि टीम किसी भी तरह की चुनौती का सामना करके वैश्विक टूर्नामेंट में जीत हासिल कर सकती…

भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने बोला कि पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप की जीत ने खिलाड़ियों में इस विश्वास को और मजबूत किया है कि टीम किसी भी तरह की चुनौती का सामना करके वैश्विक टूर्नामेंट में जीत हासिल कर सकती है।
हरमनप्रीत की अगुवाई वाली भारतीय टीम अपने पहले महिला टी20 वर्ल्ड कप खिताब की कवायद में पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत ने पिछले साल घरेलू धरती पर 50 ओवर का विश्व कप जीतकर वर्षों का इंतजार खत्म किया था। इससे पहले वह वनडे में 2005 और 2017 में तथा टी20 विश्व कप में 2020 में उपविजेता रहा था।
मजूमदार में मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ''यह पूरी तरह से अलग प्रारूप है। मेरे कहने का मतलब यह है कि हमने विश्व कप जीता था लेकिन वह वनडे विश्व कप था। यह एक अलग प्रारूप है और हम इसमें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।''

उन्होंने कहा, ''इस टूर्नामेंट के लिए हमने उस विश्व कप से बहुत कुछ सीखा है क्योंकि अब हम जानते हैं कि हम किसी भी तरह की परिस्थितियों में जीत हासिल कर सकते हैं।'' भारतीय टीम पिछले तीन सप्ताह से ब्रिटेन में है और इस बीच उसने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेली।
मजूमदार ने कहा कि टीम परिस्थितियों से अच्छी तरह अवगत हो चुकी है। उन्होंने कहा, ''जहां तक परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने की बात है तो हमें यहां आए हुए तीन सप्ताह हो गए हैं। हम 23 मई को आए थे और अब हम परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हो चुके हैं।''
मजूमदार ने यास्तिका भाटिया की वापसी का भी स्वागत किया जो विशाखापत्तनम में टीम के अभ्यास शिविर के दौरान घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण पिछले साल वनडे विश्व कप में नहीं खेल पाई थी। उन्होंने कहा, ''यास्तिका का पिछले विश्व कप में न खेल पाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था। यह बिल्कुल आखिरी दिन, आखिरी मिनट में, शायद उस शिविर में फेंके गए आखिरी ओवर में चोटिल हो गई थी।''
मजूमदार ने कहा, ''यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था कि आखिरी समय में उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। चोट बहुत गंभीर थी और जिस तरह से उन्होंने अच्छी वापसी की है उससे पता चलता है कि यह टीम चुनौतियों का सामना कैसे करती है। यास्तिका इसका एक अच्छा उदाहरण है।''
भारतीय कोच ने कहा कि टीम अब पूरी तरह से स्पिनरों पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा, ''निश्चित रूप से स्पिन गेंदबाजी हमारी सबसे बड़ी ताकत रही है। लेकिन हमारे पास आठ बेहतरीन गेंदबाज हैं। बेहतरीन स्पिन गेंदबाज और बेहतरीन तेज गेंदबाज। टीम में विविधता देखकर वास्तव बहुत अच्छा लगता है।''
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
