‘मुझे दबाव वाली परिस्थितियों में खेलना पसंद है’ : दीप्ति शर्मा
पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी-20 विश्व कप के मैच में भारत की आसान जीत में अहम भूमिका निभाने वाली अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि उन्हें आईसीसी के टूर्नामेंट और दबाव में खेलने में आनंद आता है। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण…

पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी-20 विश्व कप के मैच में भारत की आसान जीत में अहम भूमिका निभाने वाली अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि उन्हें आईसीसी के टूर्नामेंट और दबाव में खेलने में आनंद आता है। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली दीप्ति ने पाकिस्तान के खिलाफ 10 रन देकर पांच विकेट लिए जिससे भारत ने यह मैच 64 रन से जीता।
दीप्ति का प्रदर्शन महिला टी20 विश्व कप में किसी भारतीय खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यही नहीं यह टूर्नामेंट में कुल मिलाकर तीसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। दीप्ति ने पिछले साल वनडे विश्व कप में भारत को खिताब दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
दीप्ति ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे दबाव वाली परिस्थितियां और आईसीसी टूर्नामेंट में खेलना पसंद हैं। मुझे ऐसा लगता है कि मैंने वहीं से फिर से शुरुआत की है जहां मैंने खत्म किया था, इसलिए अच्छा लग रहा है। मैं अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं और अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल करने की कोशिश करती हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे मुझे काफी मदद मिलती रही है। बस मुझे आगे बढ़ते रहना है, रुकना नहीं है और दिन-प्रतिदिन अपने खेल में सुधार करते रहना है।’’ यह 28 वर्षीय खिलाड़ी उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थी जो 2017 में यहां वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी। तब से लेकर अब तक के अपने सफर के बारे में दीप्ति ने कहा, ‘‘जब आप युवा दीप्ति और अब की अनुभवी दीप्ति पर गौर करते हैं तो बहुत अच्छा लगता है।
पुराने मैचों विशेषकर 2017 विश्व कप से मैंने बहुत कुछ सीखा। मैं हर मैच से सीखती हूं। मैं हमेशा अपनी गलतियों का आकलन करती हूं और इस पर ध्यान देती हूं कि मैं कहां बेहतर प्रदर्शन कर सकती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं नियमित रूप से आविष्कार (साल्वी) सर से इस बारे में बात करती हूं, जिससे मुझे काफी मदद मिलती है।
प्रत्येक मैच से कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप जीत रहे हैं या नहीं।’’ पाकिस्तान के खिलाफ, दीप्ति ने सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नशरा संधू और तस्मिया रुबाब को आउट किया। बल्लेबाजी करते समय उन्होंने नाबाद 12 रन बनाए।
दीप्ति ने कहा, ‘‘मैं अपनी रणनीति को सरल बनाए रखती हूं। मुझे खुद पर भरोसा था कि जब भी मुझे मौका मिले तो मुझे आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होगी। विकेट थोड़ा टर्न ले रहा था और मैंने सही जगह पर गेंद पिच कराई।’’
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
