क्वालिफायर बनकर आईं, फाइनलिस्ट बनकर छाईं! माजा च्वालिंस्का का ऐतिहासिक कारनामा
पोलैंड की टेनिस खिलाड़ी माजा च्वालिंस्का ने फ्रेंच ओपन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला एकल सेमीफाइनल में रूस की डायना श्नाइडर को सीधे सेटों में 7-6(4), 6-4 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड…

पोलैंड की टेनिस खिलाड़ी माजा च्वालिंस्का ने फ्रेंच ओपन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला एकल सेमीफाइनल में रूस की डायना श्नाइडर को सीधे सेटों में 7-6(4), 6-4 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में जगह बनाई।
इसके साथ ही वह रोलां गैरो (फ्रेंच ओपन) के इतिहास में महिला एकल फाइनल तक पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं। विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज च्वालिंस्का ने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल नौ मुकाबले जीते हैं।
इनमें तीन मैच क्वालिफाइंग दौर के और छह मुकाबले मुख्य ड्रॉ के शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ वह ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम फाइनल तक पहुंचने वाली केवल दूसरी क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह उपलब्धि ब्रिटेन की एम्मा राडुकानू ने 2021 यूएस ओपन में हासिल की थी, जहां उन्होंने खिताब भी अपने नाम किया था।

सेमीफाइनल मुकाबले में च्वालिंस्का ने अपने बेहतरीन खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने स्पिन, गति और शॉट्स की दिशा में लगातार बदलाव करते हुए श्नाइडर पर दबाव बनाए रखा। उनकी शानदार फिटनेस, तेज मूवमेंट और मजबूत डिफेंस ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। च्वालिंस्का और श्नाइडर के बीच खेला गया यह मुकाबला दो घंटे 10 मिनट तक चला।
जीत के बाद च्वालिंस्का भावुक नजर आईं और कोर्ट पर ही बैठ गईं। उन्होंने कहा, "यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि मैंने क्या हासिल किया है। मैं बहुत खुश हूं और शब्दों में अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर सकती।"
इस उपलब्धि के साथ च्वालिंस्का एक और विशिष्ट सूची में शामिल हो गई हैं। वह इवोन गूलागोंग (1971) और क्रिस एवर्ट (1973) के बाद रोलां गैरो के मुख्य ड्रॉ में अपने पहले ही अभियान में फाइनल तक पहुंचने वाली केवल तीसरी महिला खिलाड़ी बनी हैं।
अब खिताबी मुकाबले में च्वालिंस्का का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी, ऐसे में फाइनल के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
फाइनल से पहले च्वालिंस्का ने कहा, "मैं यहां पहले ही नौ मैच खेल चुकी हूं, इसलिए मुझे कोर्ट की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। मैंने मीरा का खेल भी देखा है और वह शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और मैं फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगी।"
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
