मंधाना-शेफाली के तूफान में उड़ा नीदरलैंड, भारतीय टीम ग्रुप में नंबर-1
भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को यहां स्मृति मंधाना (74 रन), शेफाली वर्मा (55 रन, तीन विकेट) और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से महिला टी20 विश्व कप के अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रन से शिकस्त देकर ग्रुप एक में…

भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को यहां स्मृति मंधाना (74 रन), शेफाली वर्मा (55 रन, तीन विकेट) और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से महिला टी20 विश्व कप के अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रन से शिकस्त देकर ग्रुप एक में शीर्ष पर आ गई।
भारत से मंधाना और शेफाली ने नीदरलैंड के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी निभाई। इससे भारतीय टीम 209 रन का स्कोर खड़ा कर विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही।
जवाब में नीदरलैंड की टीम 114 रन पर ढेर हो गई। यह उसकी लगातार दूसरी हार थी। उसके लिए कप्तान बाबेटे डि लीडे 28 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। पहले मैच में बांग्लादेश से हारने वाली नीदरलैंड की बल्लेबाज शुरू में संभलकर खेलीं। लेकिन फिर लगातार विकेट गंवाने से कोई अहम साझेदारी नहीं बना सकीं।

टीम की कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सकीं। टीम ने अंतिम सात विकेट 23 गेंद में गंवा दिए। भारतीय गेंदबाजों में श्री चरणी सबसे रहीं जिन्होंने चार विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने अपने हरफनमौला खेल से नीदरलैंड की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
अर्धशतक जड़ने के बाद उन्होंने तीन विकेट झटके। इस तरह वह हेली मैथ्यूज और सुने लुस के बाद महिला टी20 विश्व कप मैच में अर्धशतक और तीन विकेट लेने वाली तीसरी खिलाड़ी बन गईं। नंदनी शर्मा ने दो विकेट प्राप्त किए जबकि अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा को एक विकेट मिला।
श्रेयंका पाटिल हालांकि एक गेंद डालने के बाद टखना मुड़ने के कारण गेंदबाजी नहीं कर सकीं। इससे पहले मंधाना ने लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी खेली जबकि शेफाली ने टूर्नामेंट में पहला अर्धशतक लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष 20 रन और दीप्ति शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद रहीं। जेमिमा रोड्रिग्स ने 19 रन का योगदान दिया।

पिछले मैच में पाकिस्तान पर जीतने वाली भारतीय टीम ने दो बदलाव करते हुए अरूंधति रेड्डी को आराम देकर नंदिनी शर्मा को और भारती फुलमाली की जगह यास्तिका भाटिया को अंतिम एकादश में शामिल किया। पावरप्ले के दौरान शेफाली अपनी सीनियर मंधाना की तुलना में ज्यादा आक्रामक थीं जिससे भारत ने इस दौरान 59 रन बनाए।
नीदरलैंड की गेंदबाज अपनी लाइन एंव लेंथ पर नियंत्रण नहीं कर पा रही थी जिसका शेफाली ने पूरा फायदा उठाया। तेज गेंदबाज इसाबेल वोनिंग की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से लगाया गया उनका छक्का पहले छह ओवरों में आकर्षण का केंद्र रहा।
शेफाली के आक्रामक खेल के कारण नीदरलैंड की कप्तान बाबेटे डि लीड को बार-बार गेंदबाजी में बदलाव करने पड़े। छठे ओवर में मिर्थे वैन डेन राड ने छह वाइड गेंदें फेंकीं। मंधाना ने पावरप्ले के बाद खुलकर खेलना शुरू किया। उन्होंने स्पिनरों और तेज गेंदबाजों, दोनों के खिलाफ आगे बढ़कर शॉट खेले।

भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज ने सिल्वर सिगर्स पर 15वें ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार बाउंड्री लगाईं। सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर पारी को शानदार ढंग से खत्म नहीं कर सकीं। हालांकि रिचा और दीप्ति शर्मा की संक्षिप्त लेकिन असरदार पारी से भारत विश्व कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
