द इंडियन व्यू

पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी बनीं NCTE की राष्ट्रीय मेंटर, देशभर के शिक्षकों को करेंगी मेंटर

Poonam Kumari
November 20, 2026
2 min read
पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी बनीं NCTE की राष्ट्रीय मेंटर, देशभर के शिक्षकों को करेंगी मेंटर

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह ) : राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE) ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी को ‘मित्र (MITRA-NMM)’ पहल के तहत राष्ट्रीय मेंटर के रूप में शामिल किया है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के स्कूली शिक्षकों को अनुभवी पेशेवरों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान करना और उनकी शिक्षण क्षमता को मजबूत करना है।

NCTE ने 18 नवंबर 2026 को अपने मुख्यालय से आयोजित एक ऑनलाइन सत्र के माध्यम से डॉ. बेदी को आधिकारिक तौर पर इस पहल में शामिल किया। इस दौरान उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शुरू की गई ‘मित्र’ पहल के उद्देश्य, ढांचे और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. किरण बेदी ने पहल की सराहना करते हुए इसे सेवानिवृत्त अधिकारियों, पेशेवरों और वरिष्ठ शिक्षाविदों के लिए समाज के प्रति योगदान देने का एक विश्वसनीय मंच बताया। उन्होंने इसके शिक्षक-केंद्रित दृष्टिकोण की भी प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि वह अगले महीने NCTE की इस पहल के तहत अपना पहला मेंटरिंग सत्र आयोजित करेंगी।

NCTE के अनुसार, डॉ. बेदी का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण देशभर के शिक्षकों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि ‘मेंटोरिंग इनिशिएटिव फॉर टीचिंग, रिसर्च एंड असेसमेंट’ (MITRA), जिसे पहले ‘नेशनल मिशन फॉर मेंटरिंग’ (NMM) के नाम से जाना जाता था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत NCTE की एक पहल है। इसके माध्यम से अनुभवी मेंटर्स ऑनलाइन संवाद के जरिए सेवारत शिक्षकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, ताकि वे अपने पेशेवर कौशल को विकसित करने के साथ-साथ छात्रों के सीखने के परिणामों को बेहतर बना सकें। इस पहल के जरिए NCTE ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में शिक्षक शिक्षा को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें