पहाड़ों की वादियों में क्रिकेट का उत्सव, धर्मशाला पहुंचीं भारत और अफगानिस्तान की टीमें
आईपीएल के कुछ दिनों बाद ही धर्मशाला में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच लौट आया है। इस बार भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे मैच का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों को देखने को मिलेगा। दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली तीन वनडे…

आईपीएल के कुछ दिनों बाद ही धर्मशाला में एक बार फिर क्रिकेट का रोमांच लौट आया है। इस बार भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे मैच का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों को देखने को मिलेगा।
दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली तीन वनडे मैचों की सीरिज के 13 जून को पहले मैच का गवाह एचपीसीए का धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को दोनों टीमें धर्मशाला की वादियों में पंहुच गई हैं। वीरवार को दिन में पहले भारतीय टीम धर्मशाला पंहुची जिसके बाद मेहमान टीम अफगानिस्तान भी धर्मशाला पंहुची।
दोनों टीमों के खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गगल एयरपोर्ट से धर्मशाला स्थित होटल ब्लू रिजेंसी पंहुचाया गया। इससे पूर्व कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट और होटल पहुंचने पर दोनों टीमों का पहाड़ी संस्कृति में स्वागत किया गया। वहीं एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने 'इंडिया-इंडिया' के नारे लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया।

कड़े सुरक्षा घेरे के बीच खिलाड़ियों को उनके होटल पहुंचाया गया। 13 जून को होने वाले इस मैच से पहले दोनों ही टीमें कल शुक्रवार को स्टेडियम पंहुचकर नेट में अभ्यास करेंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक मेहमान टीम अफगानिस्तान शुक्रवार को दिन में डेढ़ बजे से साढ़े चार बजे तक नेट पर पसीना बहाएगी जबकि दूसरे सेशन में शाम को साढ़े पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक टीम इंडिया स्टेडियम में नेट प्रैक्टिस करेगी।
गौरतलब है कि धर्मशाला की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जिस पर दोनों टीमें अपनी रणनीति तैयार करेंगी। दोपहर बाद गगल एयरपोर्ट पंहुची अफगानिस्तान की टीम का बारिश की ठंडी फुहारों ने स्वागत किया।
मेहमान टीम जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरी तो मौसम ने अचानक रंग बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश की बौछार पड़ने लगी। मोहाली के गर्म मौसम का सामना करने के बाद यहां पंहुची दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने इस सुहावने मौसम का खूब आनंद उठाया। मौसम विभाग ने मैच के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है, जिससे पूरे 100 ओवर का खेल होने की उम्मीद है।
वहीं अगर पिच की बात करें तो शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है। मैच को देखते हुए जिला प्रशासन और कांगड़ा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
स्टेडियम के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्शकों की भारी भीड़ के मद्देनजर धर्मशाला और मैकलोडगंज के लिए ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
वहीं, स्थानीय होटलों और होमस्टे में भी 90 प्रतिशत से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। इससे पूर्व धर्मशाला में आईपीएल सीजन के हुए चार मैचों के दौरान भी होटल और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने अच्छी कमाई की थी।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
