द इंडियन व्यू

थाईलैंड ओपन : सिंधु और लक्ष्य सेन बाहर, सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में

स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु क्वार्टरफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची के खिलाफ एक गेम की बढ़त गंवाकर हार गईं लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुषों की युगल जोड़ी…

Ragwendra P Singh
May 15, 2026
3 min read
थाईलैंड ओपन : सिंधु और लक्ष्य सेन बाहर, सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में

स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु क्वार्टरफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची के खिलाफ एक गेम की बढ़त गंवाकर हार गईं लेकिन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुषों की युगल जोड़ी शुक्रवार को यहां थाईलैंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गई।

सिंधु टूर्नामेंट के एक घंटे से ज्यादा समय तक चले महिला एकल क्वार्टरफाइनल में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी यामागुची से 21-19, 18-21, 15-21 से हारी। हार के बावजूद दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु हार जीत के रिकॉर्ड में यामागुची से 15-13 से आगे हैं।

जनवरी में हुए मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में सिंधु आगे चल रही थीं और फिर यामागुची के चोट के कारण क्वार्टरफाइनल मैच से हटने के कारण अगले दौर में जगह बनाई थी। लक्ष्य सेन को भी पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल मैच में थाईलैंड के दूसरे वरीय खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसर्ण से 53 मिनट में 19-21, 16-21 से हार मिली।

साभार : गूगल

युगल स्पर्धा में कुछ अच्छी खबर भी आई जिसमें सात्विकसाईराज और चिराग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने जापानी के ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी की छठी वरीय जोड़ी को 21-12, 21-13 के शानदार स्कोर से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई।

अब यह भारतीय जोड़ी अगले दौर में गोह जे फेई और नूर इजुद्दीन की तीसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी से भिड़ेगी। इससे पहले सिंधु का पहला गेम बराबरी का था जिसमें 11-11 तक एक खिलाड़ी सिर्फ एक अंक से आगे था। उसके बाद यामागुची 13-11 से आगे हो गईं लेकिन सिंधु ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। 19-19 पर पहुंचने के बाद सिंधु ने अगले दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में सिंधु 5-1 से आगे थीं और ऐसा लग रहा था कि वह लय बनाए रखेंगी। लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को वापसी करने का मौका दे दिया जिससे स्कोर 11-11 से बराबर हो गया। यामागुची ने लगातार सात अंक लेकर 14-11 की बढ़त बना ली। यामागुची लय में आ गईं और उन्होंने यह गेम 21-18 से जीत लिया।

निर्णायक गेम में सिंधु पूरी लय में नहीं थीं और पूरे समय पीछे ही रहीं। 0-5 से पिछड़ रही भारतीय खिलाड़ी ने अंतर को कम करते हुए स्कोर 11-12 तक पहुंचाया। लेकिन यामागुची ने अपनी गति बढ़ाई और निर्णायक गेम 21-15 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद सिंधु ने कहा, ‘‘मुझे लगा कि मैंने कुछ आसान गलतियां कीं क्योंकि दूसरे गेम में मैं बढ़त बनाए हुए थी। ऐसा नहीं था कि हम लंबी रैलियां खेल रहे थे या अंक आसानी से मिल रहे थे। लेकिन शायद मुझे उस बढ़त को जीत में बदल देना चाहिए था। ’’

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता ने कहा, ‘‘तीसरे गेम में वह बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन शुरुआत में ही मैंने उन्हें लगातार चार या पांच अंक दे दिए। मैंने वापसी की कोशिश की, लेकिन उस समय दो-तीन अंक का अंतर भी बहुत मायने रखता है। ’’

छठी वरीय सिंधु गुरुवार को डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-13, 21-15 से हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंची थीं। विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दिन में बाद में क्रमशः पुरुष एकल और पुरुष युगल के क्वार्टरफाइनल में खेलेगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।