तिलक वर्मा की तूफानी पारी से मुंबई की शानदार जीत, पंजाब को 6 विकेट से हराया
धर्मशाला : मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को खेले गए रोमांचक आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने आखिरी ओवर में 15 रन बनाकर…

धर्मशाला : मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को खेले गए रोमांचक आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने आखिरी ओवर में 15 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। टीम की जीत के सबसे बड़े नायक तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की यह लगातार पांचवीं हार रही।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी रही और प्रभसिमरन सिंह ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 57 रन की अहम पारी खेली। प्रियांश के साथ पहले विकेट के लिए 50 रन और फिर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी ने पंजाब को मजबूत आधार दिया।
मध्यक्रम में विकेट गिरने के बावजूद अजमतुल्लाह उमरजई ने 17 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेलकर रन गति बनाए रखी। अंत में जेवियर बार्टलेट ने सिर्फ 7 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाकर टीम को 200 रन के पार पहुंचाया।
मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट झटके, जबकि दीपक चाहर ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए रायन रिकल्टन ने 48 रन की तेज शुरुआत दी। इसके बाद तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 75 रन बनाए और आखिरी तक नाबाद रहे।
अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। तिलक और जैक्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी ने मुंबई को जीत दिला दी।
पंजाब की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने 2 विकेट लिए, जबकि युजवेंद्र चहल और मार्को यानसन को 1-1 सफलता मिली। इस जीत के साथ मुंबई ने प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
