तिलक वर्मा का जलवा, अश्वनी की घातक गेंदबाजी—मुंबई ने गुजरात को किया ध्वस्त
तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक के बाद अश्वनी कुमार की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल में यहां लगातार चार हार के क्रम को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया जो मौजूदा सत्र में…

तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक के बाद अश्वनी कुमार की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मुंबई इंडियन्स ने आईपीएल में यहां लगातार चार हार के क्रम को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया जो मौजूदा सत्र में रनों के लिहाज से किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है।
तिलक ने नाबाद 101 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी भी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने 199 रन बनाए।
इसके जवाब में टाइटंस की टीम अश्वनी कुमार (चार विकेट), अल्लाह गजनफर (दो विकेट) और मिचेल सेंटनर (दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 100 रन पर सिमट गई और कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी।

टाइटंस से वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि उनके अलावा शाहरुख खान (17), कप्तान शुभमन गिल (14) और कागिसो रबाडा (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही।
टाइटंस से रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे टाइटंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन तक ही साई सुदर्शन (00) और जोस बटलर (05) के विकेट गंवा दिए और टीम कभी इस खराब शुरुआत से नहीं उबर पाई।
सुदर्शन ने जसप्रीत बुमराह की पारी की पहली गेंद पर प्वाइंट पर कृष भगत को कैच थमाया जबकि बटलर को पंड्या ने पगबाधा किया। वाशिंगटन सुंदर (26) ने पंड्या पर तीन चौकों के साथ शुरुआत की और फिर अश्वनी कुमार पर भी चौका जड़ा।

गिल ने बुमराह पर दो चौके मारे लेकिन अश्वनी कुमार की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर नमन को कैच दे बैठे। टाइटंस ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 45 रन बनाए। सुंदर भी इसके बाद मिचेल सेंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर नमन के हाथों लपके गए।
एक गेंद बाद ग्लेन फिलिप्स (06) भी सेंटनर को उनकी गेंद पर वापस कैच देकर पवेलियन लौट गए जिससे टाइटंस का स्कोर पांच विकेट पर 55 रन हो गया। शाहरुख और राहुल तेवतिया (08) ने कुछ देर विकेटों के पतन पर विराम लगाया लेकिन तेवतिया इसके बाद अश्वनी की गेंद पर विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक को कैच दे बैठे।
अश्वनी ने अगले ओवर में राशिद खान (04) और शाहरुख की पारी का अंत किया जबकि गजनफर ने रबाडा और सिराज (00) को आउट करके मुंबई को जीत दिलाई।
इससे पहले गिल ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियन्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जिस फैसले को रबाडा ने सही साबित करते हुए चौथे ओवर में 25 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक (13) और दानिश मालेवार (02) को पवेलियन भेज दिया।
अच्छी फॉर्म में चल रहे नमन धीर ने मोहम्मद सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की। सूर्यकुमार यादव (15) ने भी रबाडा की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया।
मुंबई इंडियन्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 46 रन बनाए। नमन और तिलक वर्मा ने इसके बाद पारी को संभाला। नमन ने अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा।
मुंबई को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब प्रसिद्ध कृष्णा की धीमी गेंद को पुल करने की कोशिश में नमन ने डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रबाडा को कैच थमा दिया। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। मुंबई के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ।
तिलक ने प्रसिद्ध की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके जड़कर तेवर दिखाए। उन्होंने 18वें ओवर में अशोक की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके से 26 रन बटोरे और इस दौरान 33 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।
अगले ओवर में सिराज की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने पंड्या का शानदार कैच लपका। तिलक ने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 45 गेंद में शतक पूरा किया।
सम्बंधित ख़बरें
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को बड़ा झटका, लंबे समय तक रहेंगे क्रिकेट से दूर
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल के लिए चोट ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दाएं घुटने की समस्या दोबारा उभरने के कारण उन्हें सर्जरी करानी होगी। इस वजह से वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। बेथेल की चोट का असर न केवल इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय योजनाओं पर पड़ा है, बल्कि उनका आईपीएल 2027 में खेलने का सपना भी टूट गया है।
खेल लीग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की तैयारी, मंत्रालय ने गठित की समिति
खेल मंत्रालय ने भारत में ‘पेशेवर रूप से प्रबंधित और आर्थिक रूप से टिकाऊ’ खेल लीग पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने के लिए बुधवार को 14 सदस्यीय समिति का गठन किया, जिसमें बीसीसीआई के सीईओ और आईपीएल के सीओओ हेमांग अमीन भी शामिल हैं।
डब्ल्यूटीसी फाइनल की राह में भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती, गिल की कप्तानी की होगी परीक्षा
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए बेताब भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में यहां की हवादार और तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही परिस्थितियों में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा जिसमें कप्तान शुभमन गिल की रणनीतिक सूझबूझ और दबाव झेलने की क्षमता की भी परीक्षा होगी।
मैग्नस कार्लसन ने बीच मुकाबले छोड़ा क्लासिकल गेम, बिबिसारा को मिले पूरे अंक
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने यहां टोटल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप टूर पायलट में उस समय विवाद खड़ा कर दिया जब उन्होंने कजाकिस्तान की ग्रैंडमास्टर बिबिसारा असाउबायेवा के खिलाफ दो दिवसीय मुकाबले के पहले चरण में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद अपना फास्ट क्लासिक गेम नहीं खेला।
