गुकेश ने स्वीकारी गिरती फॉर्म की सच्चाई, बोले- आलोचना पूरी तरह जायज
विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश ने 2024 में ऐतिहासिक विश्व खिताब जीतने के बाद अपने प्रदर्शन में आई गिरावट को स्वीकार करते हुए आत्ममंथन का परिचय दिया। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने किसी भी तरह का बहाना बनाने से इनकार किया और माना…

विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश ने 2024 में ऐतिहासिक विश्व खिताब जीतने के बाद अपने प्रदर्शन में आई गिरावट को स्वीकार करते हुए आत्ममंथन का परिचय दिया। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने किसी भी तरह का बहाना बनाने से इनकार किया और माना कि हाल के महीनों में उनका खेल उस स्तर का नहीं रहा जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती है।
गुकेश ने यह भी कहा कि उनके प्रदर्शन को लेकर पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों द्वारा की गई आलोचना पूरी तरह उचित थी। पिछले 18 महीनों में गुकेश का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह इस साल के आखिर में अपना विश्व किताब बचाए रखने के लिए सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इस 19 वर्षीय खिलाड़ी ने हालांकि कहा कि वह आलोचनाओं को नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करने से पहले परिणाम उनके अनुकूल नहीं रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों की आलोचना या टिप्पणियों पर मैंने गौर नहीं किया लेकिन इनमें से कुछ मैंने सुनी हैं और मुझे लगता है कि वह जायज हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल से मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। मुझे लगता है कि मेरा प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। आलोचकों को अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है और मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का अधिकार है।’’
गुकेश ने इस साल टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में 10वां, प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव में नौवां और हाल ही में ग्रैंड शतरंज टूर पर सुपरबेट रैपिड एंड ब्लिट्ज पोलैंड में छठा स्थान हासिल किया। गुकेश ने हाल ही में ग्रैंड शतरंज टूर की सभी क्लासिकल प्रतियोगिताओं से हटने का फैसला किया है और फिलहाल वह चैलेंजर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व चैम्पियनशिप खिताब के मुकाबले से पहले केवल नॉर्वे शतरंज और शतरंज ओलंपियाड में ही खेलेंगे।
गुकेश ने कहा कि उन्हें विश्व चैम्पियनशिप का मैच दुनिया में कहीं भी खेलने में खुशी होगी, लेकिन इसके साथ ही यह भी स्वीकार किया कि अगर इसे भारत में आयोजित किया जाता है तो यह उनके लिए खास बन जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसे कहीं भी आयोजित किया जाता है मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। भारत में हमेशा बहुत दबाव रहता है। विश्व चैंपियनशिप बहुत से लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी। अगर यह भारत में होती है तो यह बहुत बढ़िया होगा और मुझे बहुत खुशी होगी।’’
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
