द इंडियन व्यू

क्वालीफायर-1 में आरसीबी-गुजरात की टक्कर, फाइनल का टिकट दांव पर

लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अगर सीधे फाइनल में जगह बनानी है तो उसे आईपीएल के पहले क्वालीफायर में मंगलवार को यहां गुजरात टाइटंस के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण का…

Ragwendra P Singh
May 25, 2026
4 min read
क्वालीफायर-1 में आरसीबी-गुजरात की टक्कर, फाइनल का टिकट दांव पर

लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अगर सीधे फाइनल में जगह बनानी है तो उसे आईपीएल के पहले क्वालीफायर में मंगलवार को यहां गुजरात टाइटंस के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना करना होगा। दोनों टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक के साथ लीग चरण के अपने अभियान का समापन किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण आरसीबी शीर्ष स्थान पर रहा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स निस्संदेह आईपीएल 2026 की दो सबसे संपूर्ण टीमें रही हैं, हालांकि प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए उन्होंने अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं। रजत पाटीदार के नेतृत्व में आरसीबी ने आक्रामक बल्लेबाजी और पिछली प्रतियोगिताओं की तुलना में कहीं अधिक भरोसेमंद गेंदबाजी इकाई के दम पर अपना अभियान आगे बढ़ाया।

मौजूदा चैंपियन टीम ने इस सत्र में लगातार 200 रन का आंकड़ा पार किया। आरसीबी को बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में दिग्गज विराट कोहली के अनुभव और गेंदबाजी में जोश हेज़लवुड और भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन से काफी फायदा हुआ।

साभार : गूगल

विपक्षी टीम के मैदान पर जीत हासिल करने की महारत और करीबी मुकाबलों को निर्णायक मोड़ पर समाप्त करने की क्षमता ने आरसीबी को लीग चरण की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम में से एक बना दिया। इस मैच में आरसीबी को धर्मशाला की परिस्थितियों से परिचित होने का भी लाभ मिलेगा, जहां उन्होंने इस महीने की शुरुआत में पंजाब किंग्स के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी।

जहां तक गुजरात का सवाल है तो उसने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है। उसकी बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, कौशल से परिपूर्ण साई सुदर्शन और विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गुजरात की गेंदबाजी सबसे प्रभावशाली रही है। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से लगातार विकेट लिए हैं, वहीं राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा है।

गुजरात ने अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराया और उसकी टीम नॉकआउट मुकाबले में अच्छी लय के साथ उतर रही है। इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।

कोहली और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज रबाडा के बीच का मुकाबला मैच का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। धर्मशाला में मिलने वाली अतिरिक्त उछाल को देखते हुए यह काफी महत्वपूर्ण होगा जिसमें गुजरात के तेज गेंदबाजों के शुरुआती आक्रमण का सामना करने की कोहली की क्षमता आरसीबी के पावरप्ले का रुख तय कर सकती है।

इसी तरह सिराज के खिलाफ फिल साल्ट का आक्रामक रवैया शुरुआती गति तय कर सकता है। उंगली की चोट का इलाज कराने के बाद वापस लौटे साल्ट विशेष रूप से प्लेऑफ में खेलने के लिए आए हैं। इससे आरसीबी की बल्लेबाजी को मजबूती मिली है।

दूसरी तरफ हेज़लवुड और भुवनेश्वर दूधिया रोशनी में गिल और सुदर्शन की परीक्षा लेंगे। आरसीबी के तेज गेंदबाजों ने इस सत्र में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी है। गुजरात की शीर्ष तीन बल्लेबाजों पर निर्भरता को देखते हुए शुरुआती छह ओवर बेहद महत्वपूर्ण होंगे।

बीच के ओवरों में राशिद खान और आरसीबी के बल्लेबाजों के बीच का मुकाबला भी निर्णायक साबित हो सकता है, हालांकि कप्तान पाटीदार का स्पिन के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीम की मजबूती को देखते हुए यह मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, और सात्विक देसवाल

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।