द इंडियन व्यू

कार्लसन की चौंकाने वाली हार, नॉर्वे शतरंज के पहले दौर में भारतीय खिलाड़ियों की दमदार शुरुआत

नॉर्वे शतरंज की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जहां पहले ही दौर में क्लासिकल और आर्मागेडन दोनों प्रारूपों में जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मजबूत शुरुआत की। सोमवार…

Ragwendra P Singh
May 26, 2026
3 min read
कार्लसन की चौंकाने वाली हार, नॉर्वे शतरंज के पहले दौर में भारतीय खिलाड़ियों की दमदार शुरुआत

नॉर्वे शतरंज की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जहां पहले ही दौर में क्लासिकल और आर्मागेडन दोनों प्रारूपों में जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मजबूत शुरुआत की।

सोमवार को शुरू हुए इस प्रतियोगिता में दिन का सबसे बड़ा उलटफेर तब हुआ जब फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल मुकाबले में हरा दिया। मुकाबले के अधिकांश समय तक कार्लसन मजबूत स्थिति में नजर आ रहे थे, लेकिन समय के दबाव में उनसे बड़ी गलती हो गई, जिसका फायदा उठाते हुए फिरोजा ने जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर ने प्रतियोगिता में बढ़त बना ली।

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद और वेस्ली सो के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा। इसके बाद खेले गए आर्मागेडन मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत हासिल की और अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।

साभार : गूगल

विश्व चैंपियन डी. गुकेश का सामना जर्मनी के शीर्ष खिलाड़ी विंसेंट कीमर से हुआ। एंडगेम में कीमर मजबूत स्थिति में पहुंच गए थे और जीत के करीब दिखाई दे रहे थे, लेकिन गुकेश ने शानदार बचाव करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया। इसके बाद आर्मागेडन टाईब्रेकर में गुकेश ने वापसी करते हुए जीत दर्ज की और महत्वपूर्ण अतिरिक्त अंक हासिल किए। पहले दौर के बाद अलीरेजा फिरोजा क्लासिकल जीत के दम पर अंक तालिका में शीर्ष पर आ गए हैं।

नॉर्वे शतरंज महिला प्रतियोगिता में भी पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कजाकिस्तान की बिबिसारा अस्साउबायेवा ने भारत की नंबर-1 खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को क्लासिकल मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने मिडिलगेम में मिले अवसरों का शानदार फायदा उठाते हुए सटीक खेल से जीत दर्ज की।

अन्ना मुजिचुक और झू जिनर के बीच क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा, जबकि आर्मागेडन में झू जिनर ने जीत हासिल की। वहीं मौजूदा महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन और भारत की दिव्या देशमुख के बीच क्लासिकल मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। जू वेनजुन जीत के लिए लगातार दबाव बना रही थीं, लेकिन दिव्या ने शानदार संयम दिखाया। इसके बाद आर्मागेडन मुकाबले में दिव्या ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले दौर के बाद महिला वर्ग में बिबिसारा अस्साउबायेवा शीर्ष पर हैं। नॉर्वे शतरंज 2026 का आयोजन 25 मई से 5 जून तक ओस्लो में हो रहा है। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के दो सुपर टूर्नामेंट समानांतर रूप से खेले जा रहे हैं। दोनों प्रतियोगिताओं में छह-छह खिलाड़ी डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में हिस्सा ले रहे हैं और दोनों के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है।

इस टूर्नामेंट की खास बात इसका अनोखा प्रारूप है। यदि क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहता है तो विजेता तय करने के लिए आर्मागेडन मुकाबला खेला जाता है, जिससे हर दौर में निर्णायक परिणाम सुनिश्चित होता है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।