एक ट्रॉफी नहीं, लगातार जीत है लक्ष्य : हरमनप्रीत कौर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारतीय टीम अब सिर्फ एक बार विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि वह विश्व कप जीतने को अपनी आदत बनाना…

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारतीय टीम अब सिर्फ एक बार विश्व कप जीतकर संतुष्ट नहीं है, बल्कि वह विश्व कप जीतने को अपनी आदत बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल थी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रॉफी जीतना नहीं था, बल्कि इसने देश की युवा लड़कियों को यह भरोसा दिलाया कि वे भी दुनिया के सबसे बड़े मंच तक पहुंच सकती हैं।
उन्होंने गुरुवार को आईसीसी के हवाले से कहा, “2025 विश्व कप की जीत ने हमें आत्मविश्वास दिया, लेकिन वह सिर्फ शुरुआत थी। अब हमारी कोशिश है कि जीत हमारी पहचान बने। उस सफलता के बाद जिम्मेदारियां और उम्मीदें दोनों बढ़ी हैं। दबाव जरूर है, लेकिन यह सकारात्मक दबाव है।”

भारतीय कप्तान ने बताया कि टीम ने टी-20 विश्व कप की तैयारी विश्व कप 2025 जीतने के तुरंत बाद शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया टी20 श्रृंखलाओं ने टीम को अपनी कमियों और मजबूती को समझने का मौका दिया। हरमनप्रीत ने टीम प्रबंधन और बीसीसीआई की तैयारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हुए प्रशिक्षण शिविरों से टीम को काफी फायदा मिला है।
उन्होंने कहा, “हमारी टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। खिलाड़ियों में निडरता है और जीत की भूख भी। महिला प्रीमियर लीग ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा दी है। इस लीग ने नए खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने और दबाव झेलने का अनुभव दिया।” हरमनप्रीत ने टीम के माहौल को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि सहयोगी स्टाफ ने ड्रेसिंग रूम में बेहद सकारात्मक वातावरण बनाया है, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने 2017 विश्व कप की यादों को भी साझा किया, जब इंग्लैंड में उनके 171 रन की पारी ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई थी। उन्होंने कहा, “2017 विश्व कप मेरे जीवन का अहम मोड़ था। उस टूर्नामेंट के बाद लोगों ने भारतीय महिला क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया। तब से महिला क्रिकेट लगातार आगे बढ़ा है।” अंत में हरमनप्रीत ने कहा कि टीम का लक्ष्य लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
