होटल में आग से चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट एक दिन टला, खिलाड़ी सुरक्षित
चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट 2025 का आगाज आज से होना था, ओपनिंग सेरेमनी से ठीक पहले एक बुरी खबर सामने आई। अब ये टूर्नामेंट एक दिन बाद शुरू होगा। साभार : गूगल इसके पीछे कारण ये है कि आयोजन स्थल हयात रीजेंसी…

चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट 2025 का आगाज आज से होना था, ओपनिंग सेरेमनी से ठीक पहले एक बुरी खबर सामने आई। अब ये टूर्नामेंट एक दिन बाद शुरू होगा।

इसके पीछे कारण ये है कि आयोजन स्थल हयात रीजेंसी होटल में आग लग गई थी। इसके चलते टूर्नामेंट को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह प्रतियोगिता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार से शुरू होनी थी। इस प्रतियोगिता में देश और विदेश के कई नामी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
भारतीय ग्रैंडमास्टर और टूर्नामेंट निदेशक श्रीनाथ नारायणन ने एक्स पर लिखा, ‘‘चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स (जीएम) के आयोजन स्थल होटल हयात रीजेंसी में कल रात आग लग गई। सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं और उन्हें पास के एक अन्य होटल में स्थानांतरित कर दिया गया था। टूर्नामेंट एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।‘‘

खिलाड़ी फिर से होटल वापस आ गए हैं, लेकिन टूर्नामेंट एक दिन बाद नए सिरे से सुरक्षा जांच के बाद शुरू होगा। चेसबेस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘चेन्नई के होटल हयात रीजेंसी में आधी रात के करीब आपात स्थिति उत्पन्न हो गई। नौवीं मंजिल पर आग लगने के कारण पूरा होटल धुएं से भर गया और सांस लेना मुश्किल होने से पहले ही सभी को होटल से बाहर निकाल दिया गया।’’

आयोजकों ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि मैचों का समय वही रहेगा, लेकिन अब कार्यक्रम से विश्राम का दिन हटा दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘समय वही रहेगा और टूर्नामेंट 15 अगस्त को समाप्त होगा। बीच में एक दिन का विश्राम था और अब वह कार्यक्रम का हिस्सा नहीं है।‘‘
चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स की पुरस्कार राशि एक करोड़ रुपये है। इस प्रतियोगिता में भारत के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी, अनुभवी विदित गुजराती और नीदरलैंड के अनीश गिरी भाग ले रहे हैं। विश्व के पांचवें नंबर के खिलाड़ी एरिगैसी अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के अवॉन्डर लियांग के खिलाफ करेंगे।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
