द इंडियन व्यू

ऋभव सरोहा का धमाल, युगल ट्रॉफी जीती, एकल फाइनल में भी बनाई जगह

लखनऊ। उभरते हुए भारतीय टेनिस सितारे ऋभव सरोहा आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में दोहरे खिताब के करीब पहुंच चुके हैं। ऋभव ने आरव चावला के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए शुक्रवार को बालक युगल की विजेता ट्रॉफी अपने…

Ragwendra P Singh
May 8, 2026
3 min read
ऋभव सरोहा का धमाल, युगल ट्रॉफी जीती, एकल फाइनल में भी बनाई जगह

लखनऊ। उभरते हुए भारतीय टेनिस सितारे ऋभव सरोहा आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में दोहरे खिताब के करीब पहुंच चुके हैं। ऋभव ने आरव चावला के साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए शुक्रवार को बालक युगल की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं सरोहा ने बालक एकल सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय ओम पटेल के खिलाफ उलटफेर भरी रोमांचक जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली।

बालक युगल में सरोहा व आरव चैंपियन, बालिकाओं में एंजल व रिद्धि विजेता

अब फाइनल में उनका मुकाबला क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला से होगा। बालिका एकल के सेमीफाइनल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार व चौथी वरीय हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने खिताबी होड़ में प्रवेश किया। बालिका युगल में एंजल पटेल व रिद्धि शिंदे की जोड़ी विजेता बनीं।

शनिवार को खेले जाएंगे एकल के फाइनल मुकाबले

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर आयोजित टूर्नामेंट में शुक्रवार को युगल में फाइनल व एकल में सेमीफाइनल मैच खेले गए।

बालक युगल का खिताब भारत के ऋभव सरोहा व आरव चावला ने जीता जिन्होंने फाइनल में चुक्का लक्ष्य वर्धन व परंजय सिवाच को सीधे सेटों में 6-1, 6-1 से मात दी। सरोहा व चावला ने कोर्ट पर शानदार जुगलबंदी का प्रदर्शन किया और प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाते हुए आसान जीत दर्ज की।

बालिका युगल के फाइनल में भारत की एंजल पटेल व रिद्धि शिंदे ने अक्षिता अंतिल व शेरी शर्मा को एक घंटा 50 मिनट चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 7-5 से हराया। मैच में दोनों ही जोड़ियों ने बेहतरीन रैलियों का मुजाहिरा पेश किया और प्रतिद्वंद्वी जोड़ियों को अंक जुटाने का मौका भी आसानी से नहीं दिया।

युगल के विजेताओं को मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष डा.नवनीत सहगल (सेवानिवृत्त आईएएस) ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित आयोजन समिति के चेयरमैन कर्नल नरेश रज़ोरा, एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बीसी तिवारी, भारत के पूर्व डेविस कप खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा सहित आयोजन सचिव समित केसरी की भी गरिमामयी मौजूदगी रही।

शुक्रवार को बालक एकल के पहले सेमीफाइनल में ऋभव सरोहा ने शीर्ष वरीय ओम पटेल के खिलाफ वापसी करते हुए 6-4, 7-5 से जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। ऋभव सरोहा ने आक्रामक खेल व बेहतरीन शॉट का नजारा पेश किया। मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला।

पहले सेट में सरोहा 4-2 से पिछड़ रहे थे लेकिन प्रतिद्वंद्वी के सर्व का जवाब देते हुए उन्होंने बेहतरीन वापसी की और जीत दर्ज की। दूसरा सेट भी सरोहा ने जुझारुपन का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण मौकों का फायदा उठाकर अपने नाम कर लिया। सरोहा ने पिछले सप्ताह भुवनेश्वर में आयोजित आईटीएफ जे 30 टेनिस टूर्नामेंट में बालक एकल खिताब जीता था।

बालक एकल के दूसरे सेमीफाइनल में क्वालीफायर से मुख्य ड्रा में पहुंचे दो क्वालीफायर खिलाड़ी पार्थिव नल्लागुंडला व श्रेयंत महंतेशा आमने-सामने थे जिसमें पार्थिव ने 6-4, 6-1 से जीत अपने नाम की। बालिका एकल के पहले सेमीफाइनल में चौथी वरीय भारत की हर्षा कार्तिका ओरुगांती ने छठीं वरीय तेजस्वी मन्नेनी को 6-4, 6-2 से हराया।

हर्षा ने पहला सेट तेज शॉट व बेहतरीन सर्विस की बदौलत अपने नाम किया। वहीं दूसरे सेट में भी दबाव बनाए रखते हुए उन्होंने जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में तीसरी वरीय भारत की कार्तिका पद्मकुमार ने हमवतन नीशा एंजा को 6-4, 6-1 से हराया। यह मुकाबला भी खासा रोमांचक रहा लेकिन कार्तिका ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जीत दर्ज की।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।