Trending

अजिंक्य रहाणे ने किक्रेट से लिया संन्यास, कहा- यही सही समय

देहरादून ( ओम प्रकाश सिमल्टी) : भारतीय टेस्ट टीम के पूर्व प्रमुख बल्लेबाज़ अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मैट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
हाल ही में उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की इच्छा भी जताई थी, लेकिन आख़िरकार एक दशक से ज़्यादा लंबे करियर को विराम देने का फ़ैसला किया।

एक भावुक वीडियो संदेश में रहाणे ने कहा, “ज़िंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज़ की एक शुरुआत होती है और एक अंत भी. जब वह समय आता है तो उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बल्लेबाज़ी में मैंने हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और उसकी अहमियत को समझा है. आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ क्रिकेट के सभी फॉर्मैट से संन्यास की घोषणा करने का यही सही समय है।”

भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 खेल चुके रहाणे ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर इस फैसले की जानकारी दी। वे पिछले 3 साल से किसी भी फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे।

विराट कोहली ने रहाणे के संन्यास पर लिखा- जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई दोस्त। भारतीय क्रिकेट के लिए आपने बेहतरीन योगदान दिया है। कोहली ने आगे लिखा- स्लिप में सबसे भरोसेमंद हाथ और टेस्ट क्रिकेट में मेरे फेवरेट बैटिंग पार्टनर रहे।

रहाणे की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराया :

रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लिखा गया। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के लौटने के बाद रहाणे ने कप्तानी संभाली। मेलबर्न में शतक लगाकर उन्होंने भारत को जीत दिलाई और सीरीज 1-1 से बराबर की।

रहाणे की कप्तानी में भारत ने गाबा में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज हराई और उसका 32 साल पुराना अजेय रिकॉर्ड तोड़ा।

रहाणे ने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में 2011 में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला वनडे 3 सितंबर 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू 31 अगस्त 2011 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ किया।

रहाणे ने टेस्ट क्रिकेट में 22 मार्च 2013 को दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच खेला। उनका आखिरी टेस्ट 20-24 जुलाई 2023 के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ रहा।

वनडे में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला 16 फरवरी 2018 को सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में आखिरी बार 28 अगस्त 2016 को लॉडरहिल में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम में थे।

रहाणे ने पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी की थी। वे IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने 212 मैचों में 5,367 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 125.60 और औसत 30.15 रहा। उनके नाम IPL में 2 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button