Trending

अश्मिता चालिहा का शानदार कमबैक, मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचीं

भारतीय शटलर अश्मिता चालिहा ने चोट से उबरने के बाद अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां कोरिया की किम मिन सन को सीधे गेम में हराकर मकाऊ ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई, अनमोल खरब क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई।

असम की अश्मिता ने विश्व की 99वें नंबर की खिलाड़ी किम को 37 मिनट में 21-16, 21-18 से हराया। चोटिल होने के कारण वह तीन महीने तक खेल से बाहर रही थी और उन्होंने मई में वापसी की थी। इस साल बीडब्ल्यूएफ टूर प्रतियोगिता में यह उनका पहला सेमीफाइनल होगा।

वापसी के बाद से उन्होंने चाइना मास्टर्स सुपर 100 और मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 प्रतियोगिताओं में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। विश्व की 63वें नंबर की खिलाड़ी अश्मिता फाइनल में जगह बनाने के लिए कोरिया की पार्क गा यून का सामना करेगी।

साभार : गूगल

विश्व रैंकिंग में 51वें स्थान पर काबिज अनमोल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहीं और एक घंटे तक चले मुकाबले में विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान की खिलाड़ी और यहां चौथी वरीयता प्राप्त हान कियान शी से 21-14 15-21 13-21 से हार गईं।

पहले गेम में अश्मिता और किम के बीच कांटे का मुकाबला हुआ और एक समय स्कोर 14-14 से बराबर था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने लगातार चार अंक हासिल किए और फिर यह गेम अपने नाम कर दिया। अश्मिता दूसरे गेम में अपेक्षित शुरुआत नहीं कर पाई और किम ने 8-2 की बढ़त बना ली।

भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि वापसी का शानदार नमूना पेश किया और अंतर को 16-18 तक कम कर दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक जीतकर अंतिम चार में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

Related Articles

Back to top button