Trending

स्मृति का अर्धशतक, दीप्ति का पंजा; भारत ने जीत से किया आगाज़

महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को 64 रन से दी शिकस्त

आईसीसी टी-20 महिला विश्व कप के ग्रुप एक मैच में स्मृति मंधाना के अर्धशतक के बाद अनुभवी दीप्ति शर्मा के पांच विकेट से भारत ने यहां पाकिस्तान को 64 रन से मात देकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।

भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ऑफ स्पिनर दीप्ति (पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 106 रन पर ढेर हो गई। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (तीन विकेट) और शैफाली वर्मा (एक विकेट) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया।

मुनीबा अली (41) पाकिस्तान से शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाई। स्मृति ने इससे पहले दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने 170 रन बनाए जो टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका सर्वोच्च स्कोर है।

© ICC/Getty Images

ऋचा घोष ने अंत में 34 रन की पारी खेली और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 45 रन की तेजतर्रार साझेदारी भी की। पाकिस्तान से कप्तान फातिमा सना और सादिया इकबाल को दो-दो विकेट की सफलता मिली। रमीन शमीन और तस्मिया रुबाब को एक-एक विकेट की कामयाबी मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। मुनीबा ने अरुंधति की पारी की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा। वह हालांकि अगले ओवर में श्रेयंका पाटिल की गेंद पर भाग्यशाली रहीं जब विकेटकीपर ऋचा ने उनका कैच टपका दिया।

मुनीबा ने क्रांति गौड़ का स्वागत दो चौकों के साथ किया। वह अगले ओवर में फिर भाग्यशाली रहीं। इस बार श्रेयंका की गेंद पर अरुंधति ने उनका कैच टपकाया। अनुभवी दीप्ति ने गुल फिरोजा (12) को भारती फुलमाली के हाथों कैच कराके भारत को पहली सफलता दिलाई।

© ICC/Getty Images

आयशा जाफर (12) ने अरुंधति पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन दीप्ति की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर स्मृति को कैच दे बैठीं। सायरा जबीन (02) ने इसके बाद श्री चरणी की गेंद पर शॉर्ट कवर में हरनमप्रीत को कैच थमाया जिससे पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 58 रन हो गया।

मुनीबा ने श्री चरणी पर चौके के साथ 24 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया। पाकिस्तान को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब दीप्ति के सटीक थ्रो पर मुनीबा रन आउट हो गईं।

फातिमा भी खाता खोले बिना शैफाली वर्मा की गेंद पर स्मृति को कैच दे बैठीं जबकि नतालिया परवेज (07) ने श्री चरणी की गेंद पर हरमनप्रीत को कैच थमाया जिससे पाकिस्तान का स्कोर छह विकेट पर 79 रन हो गया। श्रेयंका ने इसके बाद श्री चरणी की गेंद पर रमीन शमीम (04) का शानदार कैच लपका।

© Getty Images

पाकिस्तान को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 79 रन की दरकार थी। दीप्ति ने आलिया रियाज (18), तस्मिया रुबाब (00) और नाशरा संधू (04) को आउट करके पाकिस्तान की पारी का अंत किया। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में 18 रन तक ही सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा (06) और जेमिमा रोड्रिग्स (01) के विकेट गंवा दिए।

शैफाली ने सादिया की मैच की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर मुनीबा को कैच दे बैठीं। जेमिमा भी इसके बाद रुबाब की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच दे बैठीं। स्मृति अच्छी लय में नजर आईं। उन्होंने सादिया पर दो चौके मारे और फिर रमीन पर भी लगातार दो चौके जड़े।

भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 38 रन बनाए। स्मृति 27 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब रुबाब की गेंद पर मिड ऑफ पर आलिया रियाज उनका कैच लपकने में नाकाम रहीं। हरमनप्रीत ने धीमी शुरुआत के बाद नौवें ओवर में नाशरा संधू पर दो चौकों के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

स्मृति ने भी रुबाब की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया और फिर संधू पर भी चौका मारा। उन्होंने रमीन पर लगातार दो चौके के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। पारी के 13वें ओवर में स्मृति को दूसरा जीवनदान मिला जब उन्होंने सादिया की गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर बड़ा शॉट खेला लेकिन सायरा जबीन कैच लपकने में नाकाम रहीं और गेंद छक्के के लिए चली गई।

हरमनप्रीत ने इसी ओवर में लगातार दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। स्मृति हालांकि अगले ओवर में रमीन की गेंद पर मिड ऑन पर फातिमा सना को कैच दे बैठीं। भारती फुलमाली भी एक रन बनाने के बाद सादिया की गेंद पर मुनीबा के हाथों स्टंप हो गईं।

हरमनप्रीत ने भी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फातिमा की गेंद को डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर नतालिया के हाथों में खेल दिया। ऋचा ने 19वें ओवर में रुबाब की लगातार गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 23 रन बटोरे और टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button