जब बेटे को मिली टीम इंडिया की कप्तानी, पिता खुशी से झूम उठे
बच्चों को जब कोई बड़ी कामयाबी मिलती है, तो माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहता। पूरा परिवार उस सफलता का जश्न दिल खोलकर मनाता है। कुछ ऐसा ही भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर के पिता संतोष अय्यर ने भी किया। बेटे को टीम इंडिया की कप्तानी मिलने की खुशी में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ डांस किया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
31 वर्षीय श्रेयस अय्यर को हाल ही में सूर्यकुमार यादव की जगह भारतीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। सूर्यकुमार लंबे समय से खराब बल्लेबाजी फॉर्म से जूझ रहे थे। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। वहीं, श्रेयस ने दिसंबर 2023 में अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
श्रेयस के पिता के वायरल वीडियो पर क्रिकेट प्रशंसक जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “एक पिता के लिए इससे बड़ी कोई ट्रॉफी नहीं हो सकती कि उसका बेटा टीम इंडिया की कप्तानी करे। इस कमरे में वह खुशी साफ देखी जा सकती है।”

दूसरे यूजर ने कहा, “एक पिता के लिए अपने बेटे को सफल होते देखने से बड़ी कोई खुशी नहीं होती। यह वास्तव में बेहद खूबसूरत पल है।” एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, “अपने बेटे को उसका सबसे बड़ा सपना पूरा करते हुए देखना किसी भी पिता के लिए गर्व और खुशी का सबसे बड़ा क्षण होता है। इसकी तुलना किसी और चीज से नहीं की जा सकती।”
श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड में दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेगी। आईपीएल में अपनी शानदार कप्तानी और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर श्रेयस ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल चैंपियन बनाया था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया। बल्लेबाजी में भी लगातार दो सफल सीजन ने उनके दावे को और मजबूत किया। यही वजह रही कि चयन समिति ने सूर्यकुमार यादव के उत्तराधिकारी के रूप में श्रेयस पर भरोसा जताया।
Shreyas Iyer’s father celebrating Shreyas’ appointment as team India captain. ❤️ pic.twitter.com/m71O1KhdsA
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) June 9, 2026
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “अगले टी20 वर्ल्ड कप में अभी काफी समय बाकी है। श्रेयस ने कप्तान के रूप में खुद को साबित किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने के अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स के साथ भी लगातार दो सफल सीजन बिताए हैं। वह कभी भी टीम के दायरे से बाहर नहीं थे, लेकिन टीम संयोजन के कारण उन्हें जगह नहीं मिल पा रही थी।”
अगरकर ने यह भी कहा कि पिछले दो सीजन में सूर्यकुमार यादव की लगातार गिरती फॉर्म ने उन्हें टी20 टीम की कप्तानी से हटाने के फैसले को प्रभावित किया।



