Trending

वेदांग रैना ने की इम्तियाज अली की जमकर तारीफ

युवा अभिनेता वेदांग रैना इन दिनों निर्देशक इम्तियाज अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर चर्चा में हैं। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस पीरियड रोमांटिक ड्रामा में वेदांग अहम भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान अभिनेता ने अपने करियर, सफलता के दबाव और फिल्म में काम करने के अनुभव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी चिंता सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि लगातार अच्छे अवसर मिलते रहना है।

 

बातचीत में वेदांग ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि इम्तियाज अली इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और उनके लिए उन्हें चुना जा रहा है, तो उन्होंने बिना पूरी स्क्रिप्ट पढ़े ही फिल्म के लिए हामी भर दी। अभिनेता ने कहा कि इम्तियाज अली के साथ काम करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह निजी जीवन में बेहद शर्मीले हैं और पार्टियों की बजाय घर पर रहकर फिल्में देखना, किताबें पढ़ना और संगीत सुनना पसंद करते हैं।

 

वेदांग ने अपने बारे में फैलने वाली अफवाहों पर भी मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अक्सर सोशल मीडिया पर उन्हें अलग-अलग फिल्मी परिवारों से जोड़ दिया जाता है, जिसे पढ़कर उन्हें हंसी आती है।

 

फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में वेदांग के साथ शरवरी वाघ, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।

Related Articles

Back to top button