एशियन गेम्स और विश्वकप की राह तय करेंगे देहरादून के चयन ट्रायल्स
देहरादून : नेशनल राइफ़ल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) द्वारा ग्रुप ‘ए’ निशानेबाजों के लिए राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के सिलेक्शन ट्रायल्स 4 का आयोजन 6 जून से 10 जून तक देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में किया जाएगा।
इन ट्रायल्स के बाद अगले महीने चीन के हांगझोउ में होने वाले आईएसएसएफ विश्वकप तथा सितंबर में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय टीम का चयन एनआरएआई की चयन नीति के अनुसार किया जाएगा। देश के सभी शीर्ष निशानेबाज इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
एशियन गेम्स के लिए राइफल, पिस्टल और शॉटगन तीनों विधाओं में कुल प्रतिभागियों की संख्या 30 तक सीमित होने के कारण कई निशानेबाजों को टीम में जगह बनाने के लिए एक से अधिक स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना होगा। इसी वजह से इस बार के चयन ट्रायल्स का महत्व और भी बढ़ गया है।

प्रतियोगिता की शुरुआत 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष वर्ग के स्टेज-1 मुकाबलों से होगी। इस स्पर्धा का फाइनल तथा 10 मीटर एयर राइफल पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले 7 जून को आयोजित किए जाएंगे।
हाल ही में म्यूनिख में अपने सीनियर विश्वकप पदार्पण करने वाले युवा निशानेबाज सूरज शर्मा वर्तमान में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर हैं।
उनके बाद क्रमशः अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं भावेश शेखावत , ओंकार सिंह और उदयवीर सिद्धू क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर मौजूद हैं।
सिलेक्शन ट्रायल्स 4 का कार्यक्रम
6 जून – 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (स्टेज-1)
7 जून -10 मीटर एयर राइफल पुरुष फाइनल
10 मीटर एयर राइफल महिला फाइनल
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष फाइनल
25 मीटर पिस्टल महिला (प्रिसीजन स्टेज)
8 जून – 25 मीटर पिस्टल महिला (रैपिड स्टेज एवं फाइनल)
9 जून – 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष फाइनल
10 मीटर एयर पिस्टल महिला फाइनल
50 मीटर राइफल 3 पोजीशन महिला फाइनल
50 मीटर राइफल 3 पोजीशन पुरुष फाइनल
10 जून – 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुष एवं महिला वर्ग मुकाबले



