नीति आयोग ने भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग का रोडमैप जारी किया

नीति आयोग के फ्रंटियर टेक हब ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हाल ही में भारत का पहला व्यापक 10-वर्षीय रोडमैप भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग का भविष्य जारी किया है। इस रोडमैप को वित्त एवं कॉरपोरेट मंत्री निर्मला सीतारमण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा की उपस्थिति में जारी किया गया।
उद्योग और सरकार के कुशल विशेषज्ञों के साथ गहन परामर्श के बाद विकसित सेमीकंडक्टर क्षेत्र की इस भविष्य योजना में भारत के लिए वर्ष 2035 तक 120 से 150 अरब डॉलर की सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला के विनिर्माण हेतु स्पष्ट और व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है।
यह रोडमैप केंद्रीय बजट 2026 में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन द्वितीय चरण के तहत घोषित प्राथमिकताओं को सुदृढ़ बनाता है और भारत में इसके विनिर्माण संबंधी पारितंत्र को सघन बनाने की दिशा में बदलाव दर्शाता है। इसमें निवेश आकर्षित करने और मूलभूत क्षमता निर्माण से लेकर डिजाइन, सामग्री, विनिर्माण, पैकेजिंग, प्रतिभा, अनुसंधान एवं विकास और विश्वसनीय वैश्विक साझेदारी में गहरी क्षमता विकसित करना शामिल है।
नीति फ्रंटियर टेक हब का रोडमैप, ‘भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग का भविष्य’, चिप्स के प्रमुख उपभोक्ता होने से और आगे बढ़ते हुए वैश्विक सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला का अनिवार्य हिस्सा बनने के भारत की दृढ़ संकल्पता की स्पष्ट घोषणा है। सेमीकंडक्टर 21वीं सदी की आधारभूत संरचना हैं। ये कृत्रिम बुद्धिमत्ता, विद्युत वाहित आवागमन साधन, दूरसंचार, रक्षा प्रणालियों, स्वास्थ्य सेवा प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और उन्नत विनिर्माण को शक्ति प्रदान करते हैं।
क्या है नीति फ्रंटियर टेक हब :
नीति फ्रंटियर टेक हब की स्थापना विकसित भारत के एक सक्रिय टैंक के रूप में की गई है, जिसका उद्देश्य उभरते हुए वृहद-टेक्नोलॉजी बदलावों का पूर्वानुमान लगाना और भारत को तीव्र आर्थिक विकास, समावेशी सामाजिक उद्देश्यों और कुशल स्थिति अनुरूपन के लिए उनकी क्षमता के उपयोग के लिए तैयार करना है, ताकि देश को अग्रणी तकनीकी राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके। सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत के 100 से अधिक विशेषज्ञों के सहयोग से, यह हब आर्थिक विकास, सामाजिक सुपरिणामों और रणनीतिक स्थिति अनुकूलता के लिए अग्रणी प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 10-वर्षीय रोडमैप तैयार कर रहा है।



