मनीष-पॉवेल की साझेदारी से केकेआर की शानदार जीत, मुंबई बाहर होने की कगार पर
कोलकाता नाइट राइडर्स ने यहां बारिश से आईपीएल के ‘करो या मरो’ के मैच में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीद जीवंत रखी। केकेआर की गेंदबाजी इकाई ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 147 रन पर रोक दिया।
केकेआर मनीष पांडे (45 रन) और रोवमैन पॉवेल (40 रन) के बीच चौथे विकेट के लिए 48 गेंद में 64 रन की भागीदारी से लक्ष्य के करीब पहुंची। टीम ने 148 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत से केकेआर अंक तालिका में आठवें से छठे स्थान पर पहुंच गई जिससे उसके 13 अंक हो गए हैं जिससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की धुंधली से उम्मीद अब भी बनी हुई है।
भले ही केकेआर ने जीत दर्ज की लेकिन मुंबई इंडियंस के कोर्बिन बॉश ने बल्लेबाजी (नाबाद 32), गेंदबाजी (तीन विकेट) और क्षेत्ररक्षण में शानदार प्रदर्शन किया। केकेआर को उम्मीद करनी होगी पंजाब किंग्स शनिवार को अपना मैच हार जाए। फिर उसकी निगाहें रविवार दोपहर को होने वाले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर होंगी, जिसके बाद शाम को उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

अगर रॉयल्स जीत जाती है तो उसकी प्लेऑफ में जगह पक्की हो जाएगी और केकेआर बाहर हो जाएगा। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर का आखिरी लीग मैच बेमानी हो जाएगा। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की यह 13 मैचों में नौवीं हार थी। केकेआर ने पावरप्ले में कप्तान अजिंक्य रहाणे (21 रन) और फिन एलन (08) के रूप में दो विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए थे।
एलन दो चौके लगाने के बाद पहले ही ओवर में दीपक चाहर की गेंद पर बोल्ड हो गए। चाहर ने एक विकेट झटका। जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ओवर में महज दो रन दिए। हालांकि उनके दूसरे ओवर में तीन चौके से 14 रन बने। बॉश के ओवर में दो चौके लगे लेकिन उन्होंने रहाणे की पारी समाप्त की।
बॉश ने फिर कैमरन ग्रीन (04) को आउट कर केकेआर को एक और झटका दिया। पॉवेल ने आते ही बॉश पर डीप स्क्वायर लेग पर गगनचुंबी छक्का जड़कर शुरूआत की। 10वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंद पर चाहर ने डीप बैकवर्ड स्कवायर लेग में पॉवेल का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया। पांडे ने इसके बाद दो चौके लगा दिए। इस तरह 10 ओवर बाद केकेआर का स्कोर तीन विकेट 84 रन था।
बुमराह ने पांडे के स्टंप उखाड़कर उनके और पॉवेल के बीच अर्धशतकीय भागीदारी का अंत किया जिससे 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 118 रन था। उसे जीत के लिए 30 गेंद में 30 रन चाहिए थे।
पॉवेल ने गजनफर पर लांग ऑन पर छक्का लगाया और अगली ही गेंद पर बॉश ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया। इससे पहले बादलों से घिरे आसमान के नीचे और बारिश से बचने के लिए ढकी गई ईडन गार्डन्स की पिच पर केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पावरप्ले में मुंबई इंडियंस का स्कोर चार विकेट पर 41 रन कर दिया।
इसमें कैमरन ग्रीन (दो विकेट) और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे (दो विकेट) ने शुरुआती ओवरों में अहम भूमिका निभाई। ग्रीन गेंद के अलावा मैदान पर असाधारण रहे। उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों के अंतराल में रेयान रिकेलटन (06) और नमन धीर (0) को पवेलियन भेजकर दो विकेट झटके।
इसके बाद उन्होंने मिड विकेट से दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपका और दुबे की गेंद पर रोहित शर्मा (15) को आउट कर दिया। इस दिग्गज भारतीय बल्लेबाज ने तभी खुलकर खेलने की कोशिश की थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने सिर्फ आठ गेंदों के अंतराल में छह रन के भीतर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए।
सूर्यकुमार यादव ने ग्रीन की गेंदों पर लगातार बाउंड्री लगाईं और फिर दुबे की गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से मारकर छक्का जड़ दिया। लेकिन बाएं हाथ के गेंदबाज दुबे ने समझदारी दिखाते हुए अपनी गेंदबाजी की दिशा बदली (अराउंड द विकेट आए) और गेंद को अंदर की ओर एंगल दिया जिसके चलते सूर्यकुमार गेंद को अपने ही स्टंप्स पर मार बैठे और 26 रन बनाकर आउट हो गए।
बारिश की वजह से एक घंटे का खेल रुकने के बाद केकेआर की स्पिन जोड़ी सुनील नारायण और चोटिल वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। दोनों ने मिलकर अपने शुरुआती चार ओवरों में सिर्फ 14 रन दिए। नारायण अपनी टर्न और उछाल से काफी खतरनाक साबित हुए। उन्होंने तिलक वर्मा को लगातार परेशान किया और अंत में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (26 रन) का कीमती विकेट हासिल किया। नारायण ने एक विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया जिसमें 16 ‘डॉट बॉल’ शामिल थीं।
चक्रवर्ती बदकिस्मत रहे कि वह तिलक को 12 रन पर आउट नहीं कर पाए। विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी से टकराने के कारण उनके हाथ से ‘रिटर्न कैच’ (गेंदबाज की ओर आया कैच) छूट गया। इस दौरान रघुवंशी के हाथ में चोट लग गई और उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। उनकी जगह तेजस्वी दहिया वैकल्पिक खिलाड़ी के तौर पर मैदान में आए।
हालांकि तिलक इस जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे। उन्होंने बेहद धीमी गति से खेलते हुए सिर्फ 20 रन बनाए और अंत में कार्तिक त्यागी की गेंद पर अनुकूल रॉय के हाथों कैच आउट हो गए। मुंबई इंडियंस का स्केार 17 ओवर में सात विकेट पर 106 रन था। टीम ने अच्छी वापसी की और पारी का अंत शानदार तरीके से किया जिसमें कोर्बिन बॉश की नाबाद 32 रन की अहम भूमिका रही। इससे टीम ने आखिरी तीन ओवरों में 41 रन जोड़े।



