मालविका और अश्मिता ने बचाई भारत की लाज, दूसरे दौर में पहुंचीं
भारत के लिए मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 में निराशाजनक दिन में मालविका बंसोड़ और अश्मिता चालिहा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं जिन्होंने महिला एकल में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई।
एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) चोट से उबरने के बाद लौटने वाली मालविका ने जर्मनी की दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से हराया। वहीं अश्मिता ने इंडोनेशिया की दुनिया की 56वें नंबर की खिलाड़ी थालिता रमाधनी विरियावान पर 21-16, 21-13 से आसान जीत दर्ज की।
अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। पुरुष एकल में भारत के सबसे होनहार खिलाड़ी और आठवें वरीय लक्ष्य सेन को इंडोनेशिया के दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह के खिलाफ 17-21, 11-21 से उलटफेर का सामना करना पड़ा जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

फिर 2023 एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एच एस प्रणय को भी जापान के छठे वरीय कोदाई नाराओका के खिलाफ 80 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 22-20, 22-24 से हार मिली। किरण जॉर्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के खिलाफ 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए।
भारत के तरुण मन्नेपल्ली ने एक गेम की बढ़त गंवा दी और चीनी ताइपे के वांग पो-वेई से 21-17, 14-21, 8-21 से हार गए। महिला एकल में अनमोल खरब कड़ा संघर्ष करने के बावजूद डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसेन कजर्सफेल्ट से 21-13, 16-21, 19-21 से हार गईं।
भारत के आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुतेश की मिश्रित युगल जोड़ी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुदी और मेलाती देवा ओक्तावियांती से 13-21, 18-21 से हार गई। महिला युगल में रुतापर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा बहनें रिन इवानागा और की नाकानिशी की जापानी की दूसरी वरीय और दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी से 7-21, 6-21 से बुरी तरह हार गईं।



