ऑस्ट्रेलिया पर भारत की शानदार जीत, अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने 4-1 से मारी बाजी
भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने बुधवार को उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में खेली गई चार मैचों की सीरीज के चौथे और अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से करारी शिकस्त दी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने मैच की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहले क्वार्टर के आठवें मिनट में ऑरोरा कोवासेविच ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
लेकिन भारतीय टीम ने तेजी से वापसी करते हुए कप्तान स्वीटी कुजूर ने 13वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। 25वें मिनट में दीया ने शानदार गोल दागकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। इस गोल की बदौलत भारतीय टीम हाफटाइम तक बढ़त बनाए रखने में सफल रही।
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन जारी रखा। तीसरे क्वार्टर में प्रियंका मिंज ने 44वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद अंतिम क्वार्टर में नौशीन नाज ने 50वें मिनट में गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी और भारत ने मुकाबला 4-1 से अपने नाम कर लिया।

यह जीत भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इस महीने के आखिर में जापान में अंडर-18 एशिया कप का आयोजन होना है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मिली यह जीत खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
पूरी सीरीज की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से सीरीज अपने नाम की। पहले मुकाबले में भारत को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4-1 से हराया। तीसरे मुकाबले में भी भारतीय टीम को 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
भले ही भारतीय टीम शुरुआती तीन मैच हार गई, लेकिन पूरे दौरे में टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलियाई टीम को कड़ी चुनौती दी। खासतौर पर पहला और तीसरा मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा। वहीं चौथे और अंतिम मैच में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को पूरी तरह मात दी और सीरीज का समापन यादगार जीत के साथ किया।



