Trending

योगी सरकार के फैसले से कानपुर में फिर सजेगा बड़ा क्रिकेट, यूपीसीए ने जताया आभार

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने ग्रीन पार्क स्टेडियम की ग्राउंड फीस में बड़ी कटौती किए जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है।

एसोसिएशन का कहना है कि इस फैसले से भविष्य में कानपुर में बड़े क्रिकेट टूर्नामेंटों का आयोजन और अधिक भव्य तथा व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

यूपीसीए के अनुसार टूर्नामेंट के पहले सीजन में ग्रीन पार्क मैदान की फीस 10 करोड़ रुपये से अधिक निर्धारित की गई थी। अत्यधिक शुल्क के कारण एसोसिएशन को आगामी दो सीजन के मुकाबले लखनऊ में आयोजित कराने पड़े थे।

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और और वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक राजीव शुक्ला ने ग्राउंड फीस कम कराने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके प्रयासों और सकारात्मक संवाद के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए यूपीसीए के अनुरोध को स्वीकार किया।

अब ग्रीन पार्क मैदान की फीस में भारी कमी कर दी गई है, जिसके चलते इस वर्ष पूरे सीजन के लिए यूपीसीए को एक करोड़ रुपये से भी कम ग्राउंड रेंट देना होगा। यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता सहित पूरी कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति हृदय से धन्यवाद और आभार जताया।

सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को नई गति मिलेगी और भविष्य में बड़े मुकाबलों के आयोजन का रास्ता भी आसान होगा।

Related Articles

Back to top button