Trending

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की दमदार जीत, थाईलैंड ओपन के अगले दौर में पहुंचे

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के पुरुष युगल के पहले दौर के मैच में यहां इंडोनेशिया के मोह पुत्रा एरवियांस्याह और बागास मौलाना की जोड़ी को शिकस्त दी।

विश्व रैंकिंग में चौथे पायदान पर काबिज भारतीय जोड़ी ने 64 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले को 21-19, 21-23, 21-10 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। भारतीय जोड़ी शुरुआती गेम में एक समय 11-16 से पीछे थी। उन्होंने इसके बाद लगातार सात अंक जीतकर मुकाबले में वापसी की।

इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया, लेकिन सात्विक और चिराग ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला गेम अपने नाम किया। दूसरा गेम बेहद करीबी रहा। दोनों जोड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिलीं और ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ियों ने मामूली बढ़त बना ली थी।

Picture Credit – Badminton Photo

ब्रेक के बाद इंडोनेशियाई जोड़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-14 की बढ़त हासिल कर ली। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने इसका दमदार जवाब दिया लेकिन इस गेम को मामूली अंतर से गंवा बैठे जिससे मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंच गया।

सात्विक और चिराग तीसरे और अंतिम गेम में पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने शुरुआत से बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-5 से आगे हो गए। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखते हुए आसानी से यह गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय जोड़ी का सामना अब अगले दौर में मलेशिया के ब्रायन जेरेमी गूंटिंग और मोहम्मद हैकाल से होगा। इससे पहले पुरुष एकल क्वालीफिकेशन मुकाबले में मलेशिया के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली जी जिया ने भारत के मानव चौधरी को 21-19, 21-18 से हराया। ली हाल ही में टखने और पीठ की चोट से उबरकर कोर्ट पर लौटे हैं।

मिश्रित युगल क्वालीफिकेशन में भारत के एम जगलान और एल जगलान की जोड़ी को चीनी ताइपे के त्साई फू चेंग और सुंग यू ह्सुआन के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल क्वालीफिकेशन में थाईलैंड की वाई केटकलिएंग ने भारत की ए शाहापुरकर को 21-5, 21-7 से शिकस्त दी।

Related Articles

Back to top button