राफेल जोडार ने रोम में दिखाया दम, अर्नाल्डी को हराकर चौथे दौर में पहुंचे
स्पेन के युवा खिलाड़ी राफेल जोडार ने अपने डेब्यू इटैलियन ओपन के चौथे राउंड में जगह बनाई। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड से एंट्री करने वाले माटेओ अर्नाल्डी को 6-1, 4-6, 6-3 से हराया।
राफेल ने मैच की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहले सेट को 6-1 से अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे सेट में अर्नाल्डी ने जोरदार वापसी की और सेट को 6-4 से जीता। लेकिन तीसरे सेट में जोडार ने कमाल का खेल दिखाया और लगातार पांच गेम जीतते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
करीब दो घंटे तक चले इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही जोडार ने एटीपी जीत/हार इंडेक्स के अनुसार 2026 में क्ले कोर्ट पर 14-2 का शानदार रिकॉर्ड बना लिया है। इस दौरान उन्होंने माराकेच ओपन में अपना पहला एटीपी टूर खिताब जीता, जबकि बार्सिलोना ओपन में सेमीफाइनल और मैड्रिड ओपन में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया।

एटीपी टूर ने जोडार के हवाले से कहा, “मैं बहुत खुश हूं। रोम में यहां किसी इटैलियन खिलाड़ी के खिलाफ खेलना कभी आसान नहीं होता। मैंने अपना टेनिस खेलने की कोशिश की। मैटेओ ने दूसरे और तीसरे सेट में काफी अच्छा खेल दिखाया, इसलिए मैंने हर पॉइंट पर फोकस बनाए रखने और मैच के दौरान होने वाली हर स्थिति को स्वीकार करने की कोशिश की।”
इस हफ्ते पहली बार एटीपी टूर पर सीडेड खिलाड़ी के तौर पर उतर रहे जोडार का अगला मुकाबला मौजूदा नेक्स्ट जेन एटीपी फाइनल्स चैंपियन लर्नर टिएन से होगा।
इससे पहले टिएन ने अलेक्जेंडर बुब्लिक को 4-6, 6-3, 7-5 से हराकर मार्च में इंडियन वेल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद पहली बार लगातार दो एटीपी टूर मुकाबले जीते।
20 वर्षीय टिएन, जो अब विश्व रैंकिंग में 19वें स्थान पर हैं, साल 2002 में एंडी रोडिक के बाद रोम में चौथे राउंड में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं दूसरी ओर, दुनिया के पूर्व नंबर-2 खिलाड़ी कैस्पर रूड ने चेक गणराज्य के 11वीं वरीयता प्राप्त जिरी लेहेका को महज 80 मिनट में 6-3, 6-4 से हराकर आसान जीत दर्ज की।



