कैच एफिशिएंसी में दिल्ली सबसे खराब, लेकिन पंजाब की चूक बनी चर्चा का विषय
पंजाब किंग्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच में भले ही 33 रनों से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन हार का प्रमुख कारण टीम के खिलाड़ियों द्वारा कैच छोड़ना रहा। इसको लेकर कोच से लेकर कप्तान तक सभी नाखुश हैं।
कूपर कोनोली और शशांक सिंह ने एसआरएच के बड़े खिलाड़ियों के कैच शुरुआत में छोड़े, जिन्होंने खूब रन बनाए। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। हालांकि, अभी भी आईपीएल 2026 में सबसे घटिया कैच एफिशिएंसी रेट पंजाब किंग्स का नहीं है, लेकिन पंजाब टीम बदनाम ऐसे हो रही है, जैसे हर एक कैच को छोड़ रही हो।
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने जरूर 73.6 फीसदी कैच ही पकड़े हैं, लेकिन एक टीम उनसे भी पीछे है, जिन्होंने सिर्फ 64.5 फीसदी कैच ही पकड़े हैं। यह टीम कोई और नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स है, जिसके फील्डर्स ने 31 कैच पकड़े हैं 17 कैच छोड़े हैं।

वहीं, पंजाब किंग्स ने 42 कैच पकड़े हैं और 15 कैच छोड़े हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की भी हालत अच्छी नहीं है। एसआरएच ने 57 कैच पकड़े जरूर हैं, लेकिन 18 कैच छोड़े भी हैं। 76 फीसदी उनका कैच एफिशिएंसी रेट है। चौथे नंबर पर सीएसके है, जिसका कैच एफिशिएंसी रेट 76.5 फीसदी है। मुंबई इंडियंस ने 77.7 फीसदी कैच अब तक पकड़े हैं, जो लिस्ट में पांचवें पायदान पर है।
वहीं, आईपीएल के 19वें सीजन में बेस्ट कैच एफिशिएंसी रेट कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर का है। केकेआर ने 88.6 फीसदी कैच पकड़े हैं, जबकि दूसरे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स है। आरआर के फील्डर्स ने 87.2 फीसदी कैच इस सीजन पकड़े हैं।
लिस्ट में तीसरा नाम आरसीबी का है, जिसका कैच एफिशिएंसी रेट 85.7 फीसदी है। लखनऊ सुपर जायंट्स भले ही पॉइंट्स टेबल में 10वें नंबर पर है, लेकिन इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है। उनका कैच एफिशिएंसी रेट 83.3 फीसदी है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटन्स ने 81.3 फीसदी कैच पकड़े हैं।
एसआरएच के बल्लेबाज ईशान किशन का शानदार कैच मार्को यानसेन ने एक हाथ से जरूर पकड़ा, लेकिन इससे पहले 3 बार उनको जीवनदान भी मिला। ईशान ने 55 रनों की पारी खेली। पहला कैच उनका 9 रन पर छूटा, दूसरा मौका उनको 18 रन पर मिला और तीसरा मौका 20 रन पर मिल गया।
कूपर कोनोली ने दो और लॉकी फर्ग्यूसन ने उनका एक कैच छोड़ा। इसके अलावा एक स्टंपिंग भी इस दौरान प्रभसिमरन से मिस हुई। इस बीच हेनरिक क्लासेन का कैच शशांक सिंह ने 13 रन पर छोड़ा था, जो इस सीजन उनका पांचवां कैच ड्रॉप था। उधर, क्लासेन ने 69 रनों की पारी खेली थी।



