सुपर रैपिड में डी गुकेश का कमाल, अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेसले सो को ड्रॉ पर रोका
विश्व चैंपियनशिप मुकाबले की तैयारियां पुख्ता करते हुए डी गुकेश ने सुपर रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट में अपने चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को पांचवें दौर में हराया और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेसले सो को ड्रॉ पर रोका।
उजबेकिस्तान के सिंदारोव को हराने के बाद गुकेश ने वेसले सो को ड्रॉ पर रोका। अब उनके छह अंक हो गए हैं जबकि रैपिड वर्ग में तीन राउंड बाकी हैं। सिंदारोव के खिलाफ जीत से उन्हें दो अंक मिले जबकि ड्रॉ से एक अंक हासिल हुआ।
सो नौ अंक लेकर अमेरिका के ही हैंस नीमैन के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद ब्लादीमिर फेडोसीव हैं जो एक अंक पीछे हैं। गुकेश, फेबियानो कारूआना , जान क्रिस्टोफ डुडा और मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव के छह अंक हैं।

ग्रैंड शतरंज टूर के इस टूर्नामेंट में गुकेश ने अपने फॉर्म के कारण और विश्व चैम्पियनशिप मुकाबले के अभ्यास पर फोकस करने के लिये मुख्य टूर्नामेंट से नाम वापिस ले लिया था। रैपिड मुकाबले में उन्होंने चाल दर चाल सिंदारोव को कड़ी चुनौती दी। दोनों इस दौर से पहले अपने पिछले मुकाबले हार चुके थे। गुकेश को पोलैंड के राडोस्लाव वोज्ताशेक ने हराया जबकि सिंदारोव को अमेरिका के वेसले सो ने मात दी। गुकेश ने 52 चालों के बाद जीत दर्ज की।



