Trending

बाबर आज़म का तूफान, 13वें टी20 शतक से पेशावर जाल्मी फाइनल में

पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम ने मंगलवार 28 अप्रैल को एक बार फिर से टी20 में शतक जड़ा। टी20 क्रिकेट में बाबर आजम की ये 13वीं सेंचुरी थी। वे पहले से ही टी20 क्रिकेट में शतकों के मामले में एशियाई किंग हैं, जबकि अपने ही रिकॉर्ड को उन्होंने और मजबूत किया है।

एक दमदार शतक के दम पर बाबर आजम ने अपनी टीम पेशावर जाल्मी को पाकिस्तान सुपर लीग के फाइनल में पहुंचाया है। इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ बाबर आजम ने कमाल की पारी खेली।

इसी दमदार पारी से बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम ने 221 रनों का स्कोर खड़ा किया था। उनके अलावा इस पारी में 41 रन कुसल मेंडिस ने बनाए थे, जबकि 35 रन मोहम्मद हारिस ने बनाए थे। 20 रन एरोन हार्डी बनाकर आउट हुए। शादाब खान ने 3 विकेट इस्लामाबाद के लिए निकाले।

Courtesy: PCB

वहीं, 222 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इस्लामाबाद युनाइटेड टीम 151 रन ही बना सकी। इस तरह पेशावर जाल्मी ने 70 रनों से क्वालीफायर मैच को जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हालांकि, इस्लामाबाद युनाइटेड के पास अभी भी फाइनल में पहुंचने का मौका है, क्योंकि उन्हें एलिमिनेटर 2 में एलिमिनेटर 1 की विजेता टीम से भिड़ना होगा।

एलिमिनेटर 2 को जीतने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा, जिन्हें रविवार 3 मई को पेशावर जाल्मी से खिताब के लिए भिड़ंत करनी होगी। बाबर आजम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। बाबर आजम से आगे सिर्फ एक नाम है, जो क्रिस गेल का है और क्रिस गेल पाकिस्तानी बल्लेबाज से बहुत आगे हैं।

क्रिस गेल ने टी20 क्रिकेट में 22 शतक जड़े हैं, जबकि 13 शतक बाबर आजम अब तक जड़ चुके हैं। तीसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने 10 शतक टी20 क्रिकेट में जड़े हैं। ऐसे में बाबर आजम सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि शतकों के मामले में एशिया के किंग हैं। विराट कोहली और अभिषेक शर्मा 9-9 शतक जड़कर लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन कई और बल्लेबाज भी 9-9 शतक टी20 क्रिकेट में जड़ चुके हैं।

Related Articles

Back to top button