बायर्न म्यूनिख फिर बना बुंडेसलीगा चैंपियन: स्टटगार्ट को 4-2 से हराकर जीता 35वां खिताब
बायर्न म्यूनिख ने स्टटगार्ट पर 4-2 से आसान जीत दर्ज करते हुए पिछले 14 वर्षों में 13वीं बार जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा का खिताब अपने नाम कर लिया। बायर्न म्यूनिख की इस जीत के नायक एक बार फिर हैरी केन रहे, जिन्होंने दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरने के बाद सत्र का अपना 32वां गोल दागा।
इससे पहले राफेल गुएरेरो, निकोलस जैक्सन और अलफांसो डेविस ने महज सात मिनट के भीतर तीन गोल कर बायर्न म्यूनिख को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। स्टटगार्ट की ओर से क्रिस फ्यूरिच और चेमा आंद्रेस ने गोल किए।
इस जीत के साथ बायर्न म्यूनिख ने जर्मन लीग के चार राउंड शेष रहते हुए दूसरे स्थान पर मौजूद बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 15 अंकों की अजेय बढ़त बना ली है। डॉर्टमुंड की एक दिन पहले हॉफेनहाइम से हार के बाद बायर्न को खिताब जीतने के लिए केवल एक अंक की जरूरत थी। बायर्न म्यूनिख के अब 30 मैचों में 79 अंक हैं, जबकि डॉर्टमुंड के इतने ही मैचों में 64 अंक हैं।

बायर्न म्यूनिख ने रिकॉर्ड बनाते हुए 35वीं बार जर्मन चैंपियनशिप जीती है, जिसमें 1932 में जीता गया खिताब भी है। इसके अलावा उसने बाकी सभी खिताब 1963 में बुंडेसलीगा के गठन के बाद जीते हैं। गौरतलब है कि बायर्न म्यूनिख 2012-13 के बाद केवल एक बार, 2023-24 सीजन में, खिताब जीतने से चूक गया था। उस समय बायर्न लेवरकुसेन चैंपियन बना था, जबकि बायर्न म्यूनिख तीसरे स्थान पर रहा था।



