स्टार स्ट्राइकर हालैंड का धमाका, मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को 2-1 से हराया
स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के दूसरे हाफ में किए गए गोल से मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को 2-1 से हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में खिताब की दौड़ को और ज्यादा रोमांचक बना दिया है।
इस जीत के साथ सिटी के 32 मैचों में 67 अंक हो गए हैं, जबकि शीर्ष पर काबिज आर्सेनल के 33 मैचों में 70 अंक हैं। तीसरे और चौथे स्थान पर मौजूद मैनचेस्टर यूनाइटेड और एस्टन विला के समान 58 अंक हैं।
मैनचेस्टर सिटी को बुधवार को रेलीगेशन के खतरे से जूझ रही बर्नली के खिलाफ मुकाबला खेलना है। संभावना है कि पेप गार्डियोला की टीम इस मैच में जीत दर्ज करके आर्सेनल की बराबरी कर लेगी और पांच मैच शेष रहते हुए बढ़त हासिल कर सकती है।

हालैंड ने 65वें मिनट में गोल किया, जो उनका लीग में 23वां गोल है, और वह इस सत्र में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। रायन चेर्की ने 16वें मिनट में सिटी को बढ़त दिलाई, लेकिन आर्सेनल ने दो मिनट बाद ही काई हावर्ट्ज के गोल से बराबरी कर ली थी।
लिवरपूल और एस्टन विला ने स्टॉपेज टाइम में विजयी गोल दागकर चैंपियंस लीग में जगह बनाने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया। वर्जिल वैन डाइक ने अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में हेडर के जरिए गोल कर लिवरपूल को एवर्टन के खिलाफ 2-1 से जीत दिलाई।
इस मुकाबले में मोहम्मद सलाह ने रिकॉर्ड की बराबरी करने वाला गोल किया और लिवरपूल के लिए 1992 (प्रीमियर लीग युग) के बाद सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में स्टीवन जेरार्ड की बराबरी कर ली। सलाह इस सत्र के बाद लिवरपूल छोड़ देंगे। एस्टन विला ने स्टॉपेज टाइम के तीसरे मिनट में टैमी अब्राहम के गोल की बदौलत सदरलैंड को 4-3 से हराया।



