योगी आदित्यनाथ का धुपगुड़ी से बड़ा ऐलान-बंगाल में भी चलेगा यूपी मॉडल

जलपाईगुड़ी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धुपगुड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया। शनिवार को फणी मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार नरेश चंद्र राय के समर्थन में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो राज्य को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने जलपेश मंदिर के महादेव और वीर चिला राय को नमन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगे होते थे और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों में भी बाधाएं आती थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में “लव जिहाद, सड़क पर नमाज और माफिया राज” खत्म हो चुका है और यही मॉडल बंगाल में भी लागू किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और माफियाओं के खिलाफ “बुलडोजर एक्शन” जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से उत्तर प्रदेश आकर वहां के बदलाव को देखने की भी अपील की।
तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने उसे “लुटेरी सरकार” बताया और आरोप लगाया कि कांग्रेस, वामपंथी और तृणमूल ने मिलकर राज्य को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया पैसा सही तरीके से जनता तक नहीं पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री याेगी ने करीब 20 मिनट के संबोधन में उन्होंने राज्य की तृणमूल सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बंगाल में अब बदलाव का समय आ गया है।
‘डबल इंजन’ सरकार की वकालत करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विकास तेज होता है और आम लोगों को सीधा लाभ मिलता है। योगी ने लोगों को उत्तर प्रदेश आकर इसके फायदे देखने का न्योता भी दिया। सभा में उन्होंने किसानों, दिहाड़ी मजदूरों और खासकर चाय बागान के श्रमिकों की समस्याओं को उठाया और भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर उन्हें उनका हक और सम्मान मिलेगा।
राजबंशी समाज और ठाकुर पंचानन वर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बंगाल आध्यात्म और “वंदे मातरम्” की भूमि है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने लोगों से बिना डर के बीजेपी को वोट देने की अपील की है।—————–



