अर्शदीप सिंह की शानदार वापसी: कोच बहुतुले ने बताया कैसे ‘बेसिक्स’ पर ध्यान देने से पलटी किस्मत
भारत और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में शुरुआत में संघर्ष करने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। टीम के सहायक कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि ‘बेसिक्स’ (बुनियादी चीजों) पर ध्यान देने से उन्हें अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद मिली है।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अर्शदीप ने रयान रिकेल्टन (02) और सूर्यकुमार यादव (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (01) को भी पवेलियन भेजा और कुल तीन विकेट हासिल किए।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बहुतुले ने कहा, ‘‘अर्शदीप ने पहले दो मैच में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन पिचों की प्रकृति के कारण गेंदबाजी में विविधता लाना जरूरी होता है और कभी-कभी ऐसा होता है कि आप अपनी मुख्य गेंद फेंकना भूल जाते हैं।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘लेकिन वह अपनी खेल की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में अपने ‘बेसिक्स’ पर काम किया। उन्होंने जमकर अभ्यास किया और उन्हें केवल उसी पर ध्यान देने की जरूरत थी जिसमें वह सबसे अच्छे हैं।’’
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने यह भी कहा, ‘‘उनकी सोच बिल्कुल स्पष्ट थी। उन्होंने यह समझा कि उनके लिए क्या सही है और उनका मजबूत पक्ष क्या है। उन्होंने ठीक वैसा ही किया।’’ बहुतुले ने प्रभसिमरन सिंह के दृष्टिकोण में आए बदलाव का श्रेय मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को दिया, जिन्होंने 80 रन की नाबाद पारी खेली।
उन्होंने कहा, ‘‘इसका काफी श्रेय ड्रेसिंग रूम में रिकी की मौजूदगी को भी जाता है। वह खुद इतने सकारात्मक हैं कि सभी बल्लेबाज उनसे प्रेरणा लेते हैं।’’



