सीएसके बनाम सीएसके विवाद: ‘डोसा-इडली’ गाने पर चेन्नई की शिकायत, बीसीसीआई करेगा जांच
चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 5 अप्रैल को हुए मुकाबले के दौरान स्टेडियम में ‘डोसा, इडली, सांभर, चटनी-चटनी’ गाना चलने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसके लिए बीसीसीआई से शिकायत भी की है।
आरसीबी बनाम सीएसके यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। सीएसके के अनुसार उनकी पारी शुरू होने से पहले आरसीबी के डीजे ने यह गाना बजाया, जो दक्षिण भारतीयों से जुड़े रूढ़िवादी विचारों पर बने मीम्स में अक्सर बैकग्राउंड स्कोर के तौर पर इस्तेमाल होता है- सही नहीं था।
इस घटना की पुष्टि करते हुए, आईपीएल के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि गवर्निंग काउंसिल इस मामले की जांच करेगी। अधिकारी ने कहा, “हमें सीएसके से एक शिकायत मिली है और हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।”

सीएसके के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, “आमतौर पर DJ घरेलू टीम को सपोर्ट करने के लिए मौजूद रहते हैं। लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में मामला अलग था। हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की गईं।
इसे देखते हुए, हमने बीसीसीआई को पत्र लिखकर इस मामले पर गौर करने को कहा है।” सीएसके के एक अधिकारी ने कहा, “उस घटना के बाद, ऐसी कोई घटना दोबारा नहीं हुई है। DJ को विपक्षी टीम के खिलाड़ियों पर कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा, हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास एक शानदार फैनबेस है जो बड़ी संख्या में हमारा हौसला बढ़ाता है।”
विश्वनाथन ने कहा, गाने के अलावा, सीएसके मैनेजमेंट ने 5 अप्रैल के मैच के दौरान अपने खिलाड़ियों के आउट होने पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर DJ द्वारा की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि DJ का काम बड़े शॉट्स और विकेटों पर चीयर करके एक सकारात्मक माहौल बनाना है। उन्होंने कहा, “वे वहां प्रतिद्वंद्वियों को नीचा दिखाने या उनका अपमान करने के लिए नहीं हैं।”
पिछले कुछ सालों में, सीएसके और आरसीबी के बीच काफी तगड़ी राइवलरी देखने को मिली है, जिस वजह से इसे आईपीएल में सदर्न डर्बी का नाम भी दिया गया है। हेड टू हेड में सीएसके भले ही आरसीबी से आगे हो, मगर पिछले कुछ सीजन से बेंगलुरु ने चेन्नई पर अपना दबदबा बनाया है। 2026 में भी आरसीबी ने सीएसके को 43 रनों से धूल चटाई।
एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स अभी तक 5 मैच खेल चुकी है। पहले तीन में तो उन्हें बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा, मगर दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले दो मैच जीतकर उन्होंने जरूर वापसी की है। उम्मीद है धोनी 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी करेंगे। सीएसके पॉइंट्स टेबल में फिलहाल 8वें पायदान पर है।



