सीएसके के लिए बुरी खबर: खलील अहमद आउट, धोनी की वापसी का इंतजार जारी
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के बीच तगड़ा झटका लगा है। पहले ही एमएस धोनी की चोट ने सीएसके को परेशान किया हुआ है, फैंस उनकी वापसी की पर निगाहें लगाए बैठे हैं। अब चेन्नई के लिए एक और बुरी खबर आ रही है।
बताया जा रहा है कि उनके तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मैच 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है।
एक न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स के पेसर खलील अहमद क्वाड्रिसेप्स इंजरी की वजह से आईपीएल से बाहर हो गए हैं। खलील अहमद, जो अब तक सीएसके के खेले गए सभी पांच मैचों का हिस्सा थे, उन्होंने 14 अप्रैल को केकेआर के खिलाफ पिछले मैच के दौरान अपने दाहिने कूल्हे में दर्द की बात कही थी।

टूर्नामेंट के शुरुआती स्टेज में वह सीएसके के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वालों में से एक थे। आईपीएल के एक सोर्स ने कहा, “यह ग्रेड 2 टियर है और रिहैब में कम से कम 10-12 हफ्ते लगेंगे।”
बाएं हाथ के पेसर ने भारत के लिए 11 वनडे और 18 टी-20 खेले हैं, जिसमें से आखिरी बार वह जुलाई 2024 में खेले थे। रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का 2026 इंडियन प्रीमियर लीग का पहला मैच 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हो सकता है।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT
Khaleel Ahmed has been ruled out of IPL 2026 after sustaining a right quadricep injury in the game against KKR.
Wishing Khaleel a speedy recovery.#WhistlePodu pic.twitter.com/PFQz3iSWRq
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 16, 2026
सीएसके के सूत्रों के अनुसार, 44 वर्षीय धोनी, जो प्री-सीजन कैंप में पिंडली में खिंचाव आने के बाद से बाहर थे, अब पूरी तरह से फिट होने के करीब हैं। सीएसके का अगला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 18 अप्रैल को है। इसका मतलब है कि धोनी इस मैच के लिए भी उपलब्ध नहीं होंगे।
सीएसके ने आईपीएल 2026 में अभी तक 5 मैच खेले हैं। पहले तीन मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, मगर पिछले दो मैचों में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने घर पर जीत दर्ज की है। सीएसके के लिए अच्छी खबर यह है कि सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन के बल्ले से रन निकले लगे हैं। अब ऐसा लग रहा है कि चेन्नई की गाड़ी ट्रैक पर आ रही है। हालांकि आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में वह 8वें पायदान पर हैं।



