आयरलैंड दौरे पर मचेगा धमाल, ‘वंडर बॉय’ वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है नीली जर्सी पहनने का मौका
क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक पारियों से खेलप्रेमियों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के पांचवें मैच को छोड़ दें तो आईपीएल 2026 में उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट, फैंस और पूर्व क्रिकेटरों की ओर से यह मांग लगातार तेज होती जा रही है कि इस 15 साल के ‘वंडर बॉय’ को भारत की सीनियर टीम में मौका दिया जाना चाहिए।
यह सपना जल्द ही सच हो सकता है। आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड दौरे के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
आईपीएल 2026 के तुरंत बाद जून में भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर जाएगी, जहां मेजबान टीम के साथ 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज का पहला मैच 26 जून को और दूसरा 28 जून को होगा।

इसके बाद टीम इंडिया सीमित ओवरों की सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 5 टी20 और 3 वनडे मैच खेले जाएंगे। जुलाई में भारतीय टीम जिम्बाब्वे का भी दौरा करेगी, जहां 23 जुलाई से 26 जुलाई के बीच तीन मैच खेले जाने हैं।
एक अंग्रेजी अखबार ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से लिखा है, “आयरलैंड दौरे के लिए उस पर विचार किया जा रहा है। चयनकर्ताओं ने कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ उसका नाम शॉर्टलिस्ट किया है।”
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 15 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को आयरलैंड के साथ-साथ जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है। इस साल भारत को जिम्बाब्वे का दौरा भी करना है।
रिपोर्ट के अनुसार, आयरलैंड दौरे के लिए ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा और नए खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। इसके बाद 1 जुलाई से शुरू होने वाले इंग्लैंड दौरे पर सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी।
अगर वैभव सूर्यवंशी जून में आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के साथ जाते हैं और उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन जाएंगे। पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था।
महिला और पुरुष दोनों को मिलाकर सबसे कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है, जिन्होंने 15 वर्ष 7 महीने और 27 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अगर वैभव आयरलैंड दौरे पर डेब्यू करते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा दोनों के रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल महज 14 साल की उम्र में पहली बार आईपीएल खेला था। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बिहार के इस खिलाड़ी ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी।
इसके बाद से वह लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट और इंडिया ए के लिए भी शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की धमाकेदार पारी खेलकर भारत को छठी बार चैंपियन बनाया था।
आईपीएल 2026 में भी उन्होंने दो बार सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। आईपीएल 2025 में अपने पहले मैच में उन्होंने शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। वहीं इस साल उन्होंने जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर भी छक्का लगाया और उसी ओवर में कुल दो सिक्स जमाए।



