Trending

किशन के 91 के बाद हिंगे-शाकिब का कहर, सनराइजर्स ने रॉयल्स को 57 रन से रौंदा

कप्तान ईशान किशन की 91 रन की पारी के बाद पदार्पण कर रहे प्रफुल्ल हिंगे (चार विकेट) और शाकिब हुसैन (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल मैच में यहां राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से शिकस्त दी।

हिंगे ने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाकर आईपीएल का नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को खाता खोले बिना आउट कर अपने पदार्पण को यादगार बनाया।

सनराइजर्स ने किशन की आतिशी पारी के बाद आखिरी ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से 216 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स को 159 रन पर आउट कर दिया।

रॉयल्स की यह पांच मैचों में पहली हार है, सनराइजर्स की इतने ही मैचों में यह दूसरी जीत है। हिंगे को पदार्पण कर रहे एक अन्य गेंदबाज शाकिब का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने यशस्वी जायसवाल (एक) और डोनोवन फरेरा (69 रन) के अहम विकेट चटकाए। ईशान मलिंगा ने दो विकेट लिये।

© BCCI

महज नौ रन पर पांच विकेट गिरने के बाद फरेरा और रविंद्र जडेजा (45 रन) ने छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन की साझेदारी कर रॉयल्स को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम की उम्मीदें खत्म हो गईं।

किशन ने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाने के अलावा हेनरिच क्लासेन (40 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रन की अहम साझेदारी की। अंतिम ओवरों में रेड्डी ने 28 रन ठोककर रनगति को और तेज किया, जबकि अरोड़ा ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

© BCCI

लक्ष्य का बचाव करते हुए हिंगे ने पारी की दूसरी गेंद पर ही वैभव सूर्यवंशी को विकेटकीपर अरोड़ा के हाथों कैच कराया। इसके बाद उन्होंने जुरेल को बोल्ड किया और लुहान-ड्रे प्रिटोरियस को रेड्डी के हाथों कैच कराकर तीन विकेट पूरे किए। ये तीनों बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जिससे रॉयल्स ने एक रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

शाकिब ने दूसरे ओवर में जायसवाल को आउट कर स्कोर दो रन पर चार विकेट कर दिया। कप्तान रियान पराग ने हिंगे के खिलाफ पारी का पहला चौका जड़ा, तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर स्लिप में अभिषेक शर्मा को कैच दे बैठे, जिससे तीन ओवर में नौ रन पर रॉयल्स की आधी टीम पवेलियन लौट गई।

अनुभवी रविंद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने इसके बाद संभलकर बल्लेबाजी करते हुए नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाईं। फरेरा इस दौरान ज्यादा आक्रामक रहे। जडेजा ने चौथे ओवर में शाकिब के खिलाफ दो चौके जड़े, फरेरा ने हिंगे के खिलाफ पारी का पहला छक्का लगाया।

© BCCI

पावरप्ले में टीम का स्कोर पांच विकेट पर 40 रन था। फरेरा ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए शिवांग कुमार के खिलाफ सातवें ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके जड़े और 11वें ओवर में अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाया।

उन्होंने अगले ओवर में हर्ष दुबे की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ते हुए 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। जडेजा ने 13वें ओवर में चौका लगाकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया, जबकि उसी ओवर में फरेरा के एक रन के साथ इस जोड़ी ने 65 गेंदों में शतकीय साझेदारी पूरी की।

शाकिब ने 15वें ओवर में फरेरा को बोल्ड कर इस शानदार साझेदारी को तोड़ा, जबकि मलिंगा ने जडेजा को अरोड़ा के हाथों कैच कराकर रॉयल्स की जीत की उम्मीदों को समाप्त कर दिया। शाकिब ने इसके बाद 17वें ओवर में लगातार गेंदों पर जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को आउट कर पदार्पण को यादगार बनाया। तुषार देशपांडे ने तीन छक्कों से 25 रन बनाए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सनराइजर्स की शुरुआत भी खराब रही। पारी की शुरुआत में ही अभिषेक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्होंने पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन आर्चर (दो विकेट) की गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में बिश्नोई को कैच दे बैठे।

किशन ने इसके बाद आक्रामक अंदाज अपनाते हुए आर्चर को फाइन लेग के ऊपर चौका और डीप मिडविकेट के ऊपर छक्का जड़ा। अगले ओवरों में उन्होंने संदीप शर्मा और देशपांडे पर भी बड़े शॉट लगाकर रनगति को तेज बनाए रखा।

दूसरे छोर से ट्रेविस हेड प्रभावित नहीं कर सके और 18 रन बनाकर आउट हो गए। इस विकेट के बाद भी किशन ने अपना आक्रामक रुख जारी रखते हुए 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और टीम को 10.3 ओवर में 100 के पार पहुंचा दिया।

किशन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में संदीप की गेंद को हवा में लहरा बैठे और इस गेंदबाज ने विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के साथ टकराव के बावजूद शानदार कैच लपका। रेड्डी ने आखिरी ओवरों में चार छक्के जड़े, जबकि अरोड़ा ने दो छक्के और दो चौके लगाए, जिसमें पारी की आखिरी गेंद पर तुषार देशपांडे के खिलाफ लगाया गया छक्का भी था।

Related Articles

Back to top button