Trending

जीत की खुशी में लगा जुर्माने का झटका: रुतुराज गायकवाड़ पर बीसीसीआई ने ठोका 12 लाख का फाइन

चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके ने शनिवार 11 अप्रैल की रात को आईपीएल 2026 के सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। लगातार तीन मैच हारने के बाद चेन्नई की टीम की यह पहली जीत थी।

इस जीत के साथ सीएसके का खाता खुल गया, मगर कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर मोटा फाइन बीसीसीआई ने ठोक दिया। दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है। ऐसे में टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना आयोजकों की ओर से लगाया गया है।

आईपीएल की जारी आधिकारिक मीडिया रिलीज में बताया गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स के कैप्टन रुतुराज गायकवाड़ पर जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम ने चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच नंबर 18 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी।

© BCCI

यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत उनकी टीम का इस सीजन का पहला उल्लंघन था, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

सीएसके इस सीजन अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स से हार मिली थी, जबकि दूसरे मैच में पंजाब किंग्स और तीसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, चौथे मैच में जाकर आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में सीएसके का खाता खुला है। हालांकि, अभी भी टीम नौवें नंबर पर विराजमान है।

आखिरी पायदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसने 4 में से 3 मैच गंवाए हैं और एक मैच केकेआर का बेनतीजा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को संजू सैमसन के शतक की बदौलत 23 रनों से मात दी। आईपीएल 2026 में अब तक कई कप्तानों पर स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना लग चुका है।

श्रेयस अय्यर को तो दो बार इसके लिए जुर्माना लगा है। शुभमन गिल भी इसके लपेटे में आ चुके हैं। अगर दूसरी बार किसी टीम को स्लो ओवर रेट के लिए दोषी पाया जाता है तो टीम के खिलाड़ियों पर भी जुर्माना लगाया जाता है। टीम के कप्तान पर 24 लाख और सभी खिलाड़ियों (प्लेइंग 12) पर 6-6 लाख रुपये या फिर 25-25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगता है।

Related Articles

Back to top button