काशी किंग्स की दूसरी जीत, रोमांचक मुकाबले में बर्बरीक वारियर्स को दी शिकस्त
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग
लखनऊ। रफ्तार और रोमांच से भरी ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के दूसरे दिन कोर्ट पर टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। एक तरफ काशी किंग्स ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए अंतिम क्षणों तक चले सांस रोक देने वाले मुकाबले में बर्बरीक वारियर्स को 19-18 से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
गोरखपुर राउडीज़ और नोएडा ब्लास्टर्स ने जीत से खोला खाता
वहीं गोरखपुर राउडीज़ और नोएडा ब्लास्टर्स ने शानदार वापसी करते हुए लीग में अपनी पहली जीत हासिल करते हुए यह साबित कर दिया कि यहां कोई किसी से कम नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली जा रही लीग का टाइटल स्पांसर टाटा कैपिटल है।

दूसरे दिन काशी किंग्स और बर्बरीक वारियर्स का मैच सबसे रोमांचक रहा। पहले हाफ में बर्बरीक वारियर्स ने 8-6 की बढ़त हासिल कर काशी पर दबाव बना लिया। हालांकि दूसरे हाफ में काशी किंग्स ने अपनी रणनीति बदलते हुए ‘काउंटर अटैक’ शुरू किया जिसका टीम को फायदा भी मिला और टीम ने 19-18 से जीत अपने नाम की। काशी किंग्स की जीत में स्टार खिलाड़ी अविनाश ने आठ गोल दागे।
उनका साथ देते हुए मनिकंदन और विमलेश ने 4-4 गोल दागते हुए सटीक तालमेल दिखाया। दूसरी ओर बर्बरीक वारियर्स की ओर से हसीन खान (9 गोल) और अनुभव (6 गोल) के संघर्ष के बावजूद भी टीम जीत से एक गोल दूर रह गयी।

दूसरे मैच में गोरखपुर राउडीज़ ने गाजियबाद पैंथर्स के विजय रथ को रोकते हुए 30-24 से जीत अपनी झोली में डाल ली। गोरखपुर की जीत के नायक सुनील रहे जिन्होंने विपक्षी डिफेंस को छकाते हुए सर्वाधिक 11 गोल किए। वहीं मनीष त्रिपाठी ने आठ एवं मोहम्मद शूजा, पवन व क्रिशन ने पांच-पांच गोल करते हुए बेहतरीन खेल दिखाया। गाजियाबाद से मोहित कुमार ने सबसे ज्यादा नौ गोल दागे लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
तीसरे मैच में नोएडा ब्लास्टर्स ने संतुलित खेल दिखाते हुए मथुरा ब्रज स्टार को 29-26 से पराजित किया। नोएडा की जीत में तौसीफ व मिंटू ने सात-सात जबकि जगमीत ने चार गोल किए। मथुरा से रवि ने आठ व रोहिताश ने सात गोल के साथ कुछ प्रतिरोध किया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

आज मैच के दौरान विशेष रूप से मौजूद रहे उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ.सैयद रफत जुबैर रिजवी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए मथुरा ब्रज स्टार बनाम नोएडा ब्लास्टर्स के बीच मैच की शुरुआत कराई।

इस दौरान लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय की भी गरिममायी मौजूदगी रही।
तीसरे दिन (11 अप्रैल) के मैच :
काशी किंग्स बनाम गाजियाबाद पैंथर्स – 2:15 PM
बर्बरीक वॉरियर्स बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 3:40 PM
मथुरा ब्रज स्टार बनाम गोरखपुर राउडीज़ – 5:00 PM



