Trending

धुरंधर 2 की रिलीज से पहले डायरेक्टर आदित्य धर की भावुक अपील: स्पॉइलर से बचाएं फिल्म, सिनेमाघरों में ही उठाएं रोमांच का आनंद

Mumbai : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणवीर सिंह की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म के पेड प्रिव्यू शो 18 मार्च, 2026 से शुरू हो रहे हैं, लेकिन रिलीज से ठीक पहले निर्देशक आदित्य धर ने दर्शकों और प्रशंसकों से एक बेहद खास और भावुक अपील की है। मेकर्स को डर है कि फिल्म के अहम मोड़ और सस्पेंस सोशल मीडिया पर लीक (Piracy) होने से दर्शकों का अनुभव खराब हो सकता है।

 

सोशल मीडिया पर छिड़ा ‘नो स्पॉइलर’ कैंपेन

निर्देशक आदित्य धर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा करते हुए दर्शकों से फिल्म के रहस्यों को उजागर न करने की गुजारिश की है। उन्होंने लिखा, “हमारी पूरी टीम ने इस फिल्म को बनाने में दिन-रात एक किया है। हर मोड़ और हर भावना को इस तरह पिरोया गया है कि आप उसे थिएटर के माहौल में महसूस कर सकें। कृपया स्पॉइलर शेयर कर दूसरों का मजा खराब न करें।”

 

मोबाइल नहीं, बड़े पर्दे का चुनें रोमांच

आदित्य धर ने पायरेसी (Piracy) पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सिनेमा का असली जादू मोबाइल की छोटी स्क्रीन पर नहीं, बल्कि परिवार और दोस्तों के साथ थिएटर के अंधेरे में बड़े पर्दे पर मिलता है। उन्होंने दर्शकों को याद दिलाया कि ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनका सबसे बड़ा हाथ है और अब इस फिल्म के भविष्य की रक्षा करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है।

 

19 मार्च को सजेगी सितारों की महफिल

बता दें कि ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च, 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार अपनी अदाकारी का जौहर दिखाते नजर आएंगे। प्रिव्यू शो के दौरान पायरेसी का खतरा बढ़ जाता है, जिससे फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर बुरा असर पड़ सकता है। यही वजह है कि मेकर्स अब दर्शकों से सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button