Trending

टी-20 वर्ल्ड कप के बाद क्या? जानें 2027 से 2031 तक आईसीसी इवेंट्स का पूरा कैलेंडर

टी20 विश्व कप खत्म हो चुका है और अब सभी ये जानने को उत्सुक होंगे कि अगला आईसीसी इवेंट कब और कहां खेला जाएगा? लेकिन अगर आप सोच रहे हैं कि अगला बड़ा आईसीसी इवेंट सीधे वनडे विश्व कप 2027 होगा, तो ऐसा नहीं है।

दरअसल क्रिकेट फैंस को उससे पहले भी एक बड़ी आईसीसी ट्रॉफी देखने को मिलेगी। आने वाले पांच साल क्रिकेट के लिहाज से बेहद व्यस्त रहने वाले हैं। कुल 8 आईसीसी टूर्नामेंट खेले जाएंगे, जिनमें अलग-अलग फॉर्मेट की ट्रॉफियां दांव पर होंगी। इनमें पांच व्हाइट बॉल क्रिकेट के टूर्नामेंट होंगे, जबकि तीन रेड बॉल क्रिकेट से जुड़े होंगे।

व्हाइट बॉल क्रिकेट में अगले पांच साल में दो वनडे विश्व कप, दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी। वहीं टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी ट्रॉफी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के भी तीन फाइनल इस दौरान देखने को मिलेंगे। यह आईसीसी की अपेक्षाकृत नई ट्रॉफी है, जिसे 2021 से शुरू किया गया था और तब से हर दो साल में इसका फाइनल खेला जाता है।

साभार : गूगल

अगली आईसीसी ट्रॉफी जून 2027 में देखने को मिलेगी, जब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि लगातार तीसरी बार इस फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड करेगा और आने वाले कुछ वर्षों तक इसके फाइनल वहीं आयोजित होने की संभावना है। दो साल तक चलने वाली इस टेस्ट चैंपियनशिप का विजेता जून 2027 में तय होगा।

इसके बाद उसी साल अक्टूबर-नवंबर 2027 में वनडे विश्व कप खेला जाएगा, जिसे इंटरनेशनल क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट माना जाता है। इस बार इसकी मेजबानी जिम्बाब्वे, नामीबिया और साउथ अफ्रीका संयुक्त रूप से करेंगे।

पिछले कुछ वर्षों से टी20 विश्व कप हर दो साल में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 2028 में भी टी20 विश्व कप खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मिलकर करेंगे और संभावना है कि यह टूर्नामेंट जनवरी-फरवरी के बीच आयोजित किया जाए।

इसी साल दुनिया का सबसे बड़ा मल्टी-स्पोर्ट इवेंट ओलंपिक भी होगा, जिसमें क्रिकेट की वापसी होने वाली है। हालांकि यह आईसीसी का टूर्नामेंट नहीं होगा, लेकिन वैश्विक स्तर पर इसकी अहमियत काफी ज्यादा होगी।

2029 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है और इसकी मेजबानी भारत को मिली है। हालांकि पाकिस्तान के भारत आने को लेकर सवाल बने रह सकते हैं, इसलिए पाकिस्तान के मैच श्रीलंका या बांग्लादेश में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

यह टूर्नामेंट जनवरी-मार्च या अक्टूबर-नवंबर के बीच खेला जा सकता है। इसी साल जून 2029 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का एक और फाइनल भी खेला जाएगा, जिसकी मेजबानी एक बार फिर इंग्लैंड करेगा।

2030 में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप आयोजित होगा। इस बार इसकी मेजबानी इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड संयुक्त रूप से करेंगे। इन देशों में जून के आसपास क्रिकेट का मौसम सबसे अनुकूल रहता है, इसलिए यह टूर्नामेंट भी उसी समय खेले जाने की संभावना है।

आईसीसी के नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) का चक्र 2031 में समाप्त होगा। इस साल क्रिकेट फैंस को एक और बड़ा टूर्नामेंट देखने को मिलेगा, जब वनडे विश्व कप 2031 खेला जाएगा।

इसकी मेजबानी भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से करेंगे और यह टूर्नामेंट भी पारंपरिक तौर पर अक्टूबर-नवंबर के दौरान आयोजित किया जा सकता है। इसी साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की साइकिल भी पूरी होगी, जिसका फाइनल फिर से जून में इंग्लैंड में खेले जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button