इमरान खान के गोल से चेन्नइयन एफसी की जीत से शुरुआत
इंडियन सुपर लीग
कोच्चि : इमरान खान के पहले हाफ में किए गए गोल की बदौलत चेन्नइयन एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में केरल ब्लास्टर्स एफसी को 1-0 से हरा दिया।
इस जीत के साथ चेन्नइयन एफसी ने सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की और चार मैचों में चार अंकों के साथ अस्थायी रूप से अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं केरल ब्लास्टर्स अब भी अपने पहले अंक की तलाश में है और तालिका में 12वें स्थान पर बनी हुई है। चेन्नइयन के गोलकीपर मोहम्मद नवाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
केरल ब्लास्टर्स के मुख्य कोच डेविड कैटला ने पिछले मैच की तुलना में टीम में पांच बदलाव किए। उन्होंने संदीप सिंह, मुहम्मद साहीफ, कोरौ सिंह, दानिश फारूक और क्लब छोड़ चुके ओउमार बा की जगह मुहम्मद अजसल, ऐबनभा डोहलिंग, बिकाश युमनाम, निहाल सुदीश और आरवी होरमिपाम को मौका दिया।
केरल ब्लास्टर्स एफसी – 0 चेन्नइयन एफसी – 1 (इमरान खान 42’)
दूसरी ओर चेन्नइयन एफसी के कोच क्लिफर्ड मिरांडा ने अपनी शुरुआती एकादश में केवल एक बदलाव किया और इरफान यादव की जगह विंगर के रूप में इमरान खान को शामिल किया।

मेहमान टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और घरेलू टीम को लय में आने का मौका नहीं दिया। इमरान खान ने शुरुआती मौके में गोल करने का शानदार अवसर बनाया, लेकिन फारुख चौधरी के क्रॉस पर उनका शॉट पोस्ट से टकरा गया। इसके कुछ ही क्षण बाद महेसन सिंह ने इमरान के पास पर नजदीकी पोस्ट की ओर तेज शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर ने बचा लिया।
धीरे-धीरे केरल ब्लास्टर्स ने भी मैच में पकड़ बनानी शुरू की और कुछ अच्छे हमले किए। मुहम्मद अजसल, विक्टर बर्टोमेउ और विबिन मोहनन ने गोल की ओर शॉट लगाए, लेकिन उनके प्रयास सीधे चेन्नइयन के गोलकीपर मोहम्मद नवाज के पास गए, जिन्होंने आसानी से उन्हें रोक लिया।
पहले हाफ के खत्म होने से तीन मिनट पहले चेन्नइयन को बढ़त मिल गई। अल्बर्टो नोगुएरा ने इमरान खान को शानदार पास दिया। इमरान ने गेंद को दूर वाले को ने मेंकर्ल करने की कोशिश की, लेकिन शॉट आरवी होरमिपाम से डिफ्लेक्ट होकर गोलकीपर अर्श अनवर शेख के हाथों से निकलते हुए जाल में चला गया।

दूसरे हाफ में केरल ब्लास्टर्स ने अधिक आक्रामक खेल दिखाया। केविन योके और निहाल सुदीश विंग से लगातार हमले करते रहे, जबकि मुहम्मद अजसल को भी कई बार अच्छी जगह मिली। घरेलू टीम ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखते हुए चेन्नइयन की डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया।
बराबरी के लिए उन्हें कम से कम चार साफ मौके भी मिले, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका। मोहम्मद नवाज ने विक्टर बर्टोमेउ के दो करीबी शॉट पर शानदार डबल सेव करअपनी टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद की।
इसके बाद केविन योके ने बॉक्स के अंदर निहाल सुदीश को शानदार कट-बैक दिया, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। कुछ ही देर बाद योके ने फिर एक क्रॉस डाला, लेकिन निहाल का डाइविंग हेडर उससे थोड़ा चूक गया।
चेन्नइयन एफसी ने आखिर तक मजबूती से डिफेंस करते हुए अपनी मामूली बढ़त को बचाए रखा, जबकि केरल ब्लास्टर्स के खिलाड़ी गोल के सामने बार-बार मौके गंवाते रहे। सब्स्टीट्यूट एबिंदास येसुदासन ने मिडफील्ड में नई ऊर्जा जरूर दी और कुछ मौके बनाए, लेकिन बराबरी का गोल नहीं आ सका। अंततः चेन्नइयन एफसी ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखते हुए कोच्चि में छह साल बाद जीत दर्ज की।



