Trending

गोकुलम केरल और नामधारी अकादमी के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

इंडियन फुटबॉल लीग

मंजेरी : इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 के मुकाबले में गोकुलम केरल एफसी और नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी के बीच शनिवार को पय्यानाड स्टेडियम में 1-1 से ड्रॉ रहा। मेज़बान टीम को 33वें मिनट में थाबिसो नेल्सन ब्राउन ने बढ़त दिलाई, लेकिन 73वेंमिनट में सेइलेंथांग लोटजेम के गोल ने नामधारी को बराबरी दिला दी।

इस तरह दोनों टीमों का इस सीजन लगातार दूसरा मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। गोकुलम केरल के मुख्य कोच डेरिक परेरा ने शुरुआती एकादश में दो बदलाव किए। राहुल राजू और जॉन केनेडी जेवियर दाकोस्टा की जगह थाबिसो नेल्सन ब्राउन और अमन सीके को आक्रमण में मौका दिया गया।

वहीं नामधारी के कोच हरप्रीत सिंह ने भी टीम में बदलाव करते हुए गोलकीपर के रूप में निशान सिंह की जगह नीरज कुमार को उतारा, जबकि डिफेंस में बलकरण सिंह की जगह करण कुमार शर्मा को शामिल किया गया।

गोकुलम केरल एफसी – 1 (थाबिसो नेल्सन ब्राउन 33’) नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी – 1 (सेइलेंथांग लोटजेम 73’)

मुकाबले की शुरुआत से ही गोकुलम केरल ने खेल की गति पर नियंत्रण बनाए रखा और पहले 20 मिनट तक गेंद पर उनका दबदबा रहा। कप्तान फ्रांसिस्को पेर्डोमो बोर्जेस ने मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम के खेल को दिशा दी।

दूसरी ओर नामधारी की टीम डिफेंस में मजबूत दिखी, लेकिन अंतिम तीसरे हिस्से में अपने मौकों को भुनाने में नाकाम रही। लगातार दबाव का फायदा गोकुलम को 33वेंमिनट में मिला। बोर्जेस ने शानदार पास देकर ब्राउन को मौका बनाया और उन्होंने बेहतरीन फिनिश के साथ गेंद को जाल में भेजकर टीम को बढ़त दिला दी।

गोल खाने के बाद नामधारी ने पहले हाफ के अंतिम मिनटों में आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन ब्रेक तक गोकुलम की बढ़त कायम रही। दूसरे हाफ में नामधारी ने अपने खेल में बदलाव करते हुए विंग से हमले तेज किए, जिससे घरेलू टीम की डिफेंस को फैलाने में उन्हें सफलता मिली।

हरप्रीत सिंह ने आक्रमण को और धार देने के लिए सेनेगल के फॉरवर्ड अब्दुलाये डियालो को मैदान पर उतारा। नामधारी की मेहनत आखिरकार 73वें मिनट में रंग लाई। डियालो  ने शानदार पास देकर सेइलेंथांग लोटजेम को मौका दिया और उन्होंने शांत अंदाज़ में गोल करते हुए  स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

मैच के अंतिम चरण में जीत की तलाश में डेरिक परेरा ने 85वें मिनट में बदलाव करते हुए मिर्जालोल कासिमोव की जगह रिशाद को मैदान पर भेजा। अतिरिक्त समय के छह मिनट में दोनों टीमों ने गोल के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन लगातार हमलों के बावजूद कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

Related Articles

Back to top button