ईडी का अनिल अंबानी और रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़ी कई कंपनियों पर छापा

नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उद्योगपति अनिल अंबानी के समूह की कंपनी ‘रिलायंस पावर लिमिटेड’ के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत मुंबई और हैदराबाद में कई स्थानों पर शुक्रवार को छापेमारी की है।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी के अधिकारी अनिल अंबानी और रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़ी कंपनियों पर छापेमारी कर रहे हैं। ईडी की 15 टीमों ने आज सुबह इस कंपनी से जुड़े लोगों के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई की है।
बताया गया है कि केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी अनिल अंबानी की कंपनी और उसके अधिकारियों से जुड़े लगभग 10-12 ठिकानों पर दोनों शहरों में छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के तहत मुंबई और हैदराबाद में छापेमारी की जा रही है। एजेंसी ने इन स्थानों में कंपनी के कार्यालय, अधिकारियों के निजी ठिकाने और अन्य संबंधित परिसर को शामिल किया है। छापेमारी के दौरान एजेंसी की टीमों ने दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य जरूरी सामग्री जब्त की है।
ईडी की यह कार्रवाई एजेंसी की व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें बैंक धोखाधड़ी से जुड़े लेन-देन और वित्तीय अनियमितताओं की गहन पड़ताल की जा रही है। ईडी ने पहले ही संकेत दिया था कि अनिल अंबानी से जुड़े विभिन्न समूह कंपनियों की वित्तीय गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है और संदिग्ध लेन-देन की पहचान की जा रही है।



