टी20 वर्ल्ड कप फाइनल: मैदान में उतरते ही भारत बनाएगा दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत और न्यूजीलैंड खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। इस मैच के साथ ही भारत इतिहास रचने के करीब है, क्योंकि मैदान पर उतरते ही भारत दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगा।
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और इसके बावजूद मुकाबला आखिरी तक गया, लेकिन भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल का टिकट कटाया। न्यूजीलैंड ने 170 रनों का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में हासिल कर अपनी जबरदस्त फॉर्म का प्रदर्शन किया।
इस तरह दोनों टीमों के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए फैंस को एक बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले की उम्मीद है। इस मैच के साथ ही भारत आईसीसी लिमिटेड ओवर इवेंट में लगातार चौथा फाइनल खेलने वाला पहला देश बन जाएगा।

टीम इंडिया इससे पहले 2023 वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी पहुंच चुकी है। भारत के पास यह उपलब्धि पहले भी लगभग हासिल करने का मौका रहा है। 2000 से 2003 के बीच टीम इंडिया लगातार तीन आईसीसी लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी, जब उसने दो चैंपियंस ट्रॉफी और 2003 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था।
वेस्टइंडीज इस मामले में पहला देश था जिसने लगातार तीन आईसीसी लिमिटेड ओवर इवेंट के फाइनल खेले थे। कैरेबियाई टीम 1975, 1979 और 1983 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी, जिसमें उसने दो बार ट्रॉफी भी जीती थी।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह भारत का चौथा फाइनल होगा। इससे पहले टीम इंडिया 2007, 2014 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुकी है। इस तरह भारत टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में चार फाइनल खेलने वाला पहला देश बन जाएगा।
भारत के अलावा इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका भी टी20 वर्ल्ड कप में तीन-तीन बार फाइनल में पहुंच चुकी हैं। इंग्लैंड ने 2010, 2016 और 2022 में फाइनल खेला था। पाकिस्तान 2007, 2009 और 2022 में फाइनल में पहुंचा था, जबकि श्रीलंका 2009, 2012 और 2014 में टाइटल मुकाबले तक पहुंचा था।



