रोनाल्डो की हैमस्ट्रिंग चोट उम्मीद से ज्यादा गंभीर, इलाज के लिए स्पेन जाएंगे
अल-नासर के कोच जॉर्ज जीसस ने कहा कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैमस्ट्रिंग की चोट जितना अनुमान लगाया जा रहा था उससे अधिक गंभीर है। इस चोट की वजह से 41 वर्षीय रोनाल्डो का पुर्तगाल की तरफ से आगामी मैत्री मैचों में खेलना भी संदिग्ध है।
यह स्टार फुटबॉलर पिछले सप्ताहांत अल-नासर की सऊदी प्रो लीग में अल-फायहा पर 3-1 से मिली जीत के दौरान लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चला गया था।
जीसस ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले मैच में क्रिस्टियानो को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। अब जांच से यह स्पष्ट हो गया है कि हमने जितना अनुमान लगाया था उनकी चोट उससे अधिक गंभीर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें आराम करने और उचित उपचार करने की जरूरत है। क्रिस्टियानो इलाज के लिए स्पेन जाएंगे। उन्हें अपने निजी फिजियोथेरेपिस्ट से इलाज करवाना होगा। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम में वापसी करेंगे।’’

रोनाल्डो की चोट ने पुर्तगाल की तैयारियों को भी प्रभावित कर दिया है। टीम विश्व कप की तैयारी के तहत 28 मार्च को मैक्सिको के खिलाफ मैक्सिको सिटी में और इसके बाद एक अप्रैल को अमेरिका के खिलाफ अटलांटा में मैत्री मैच खेलेगी।
हालांकि चोट के बावजूद रोनाल्डो का मौजूदा सत्र शानदार रहा है। उन्होंने अल नासर की तरफ से इस सत्र में 22 लीग मैच में 21 गोल किए हैं।



