Trending

युवराज समरा का ऐतिहासिक शतक, टी20 विश्व कप में रचा नया कीर्तिमान

चेन्नई : कनाडा के सलामी बल्लेबाज युवराज समरा ने पुरुष टी20 विश्व कप में इतिहास रचते हुए सहयोगी देश के पहले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में शतक जमाया। समरा ने मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 58 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने चौका लगाकर तीन अंकों का आंकड़ा छुआ।

 

यह इस संस्करण का दूसरा शतक भी है। इससे पहले श्रीलंका के पाथूम निसांका ने पल्लेकेले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सैकड़ा जड़ा था।

 

सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड

 

युवराज समरा ने इससे पहले केवल 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था और फिर शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए शतक तक पहुंचे। 19 वर्ष और 141 दिन की उम्र में वह पुरुष टी20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

 

समरा की इस पारी ने न केवल कनाडा क्रिकेट को नई पहचान दी, बल्कि सहयोगी देशों के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है। उनकी आक्रामक और निडर बल्लेबाजी ने बड़े मंच पर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी भी देश की सीमाओं में बंधी नहीं होती।

 

समरा ने 110 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। उनकी इस शतकीय पारी की बदौलत कनाडा ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 173 का स्कोर खड़ा किया। हालांकि उनकी यह शतकीय पारी बेकार गई और न्यूज़ीलैंड ने केवल 15.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाकर 8 विकेट से मैच जीत लिया।

Related Articles

Back to top button